Lucknow : एलडीए ने सील किया लखनऊ का Levana होटल, आग लगने से हुई थी 4 की मौत
लखनऊ, 07 सितंबर: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने हजरतगंज स्थित लेवाना होटल को बुधवार को सील कर दिया है। लेवाना में बीते सोमवार को आग लगने के कारण चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब 22 लोगों को अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने निकाला था। एसएसआई हजरतगंज दयाशंकर द्विवेदी की तहरीर पर तीन मालिक व जीएम के खिलाफ लापरवाही व गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया था। होटल के दो मालिकों व महाप्रबंधक को मंगलवार को जेल भेज दिया गया है।

प्रशासन की टीम होटल पहुंची और दीवार पर होटल को सील करने संबंधी लेटर चस्पा किया। बता दें, होटल में अवैध निर्माण के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के बारे में गोलमोल रिपोर्ट भेजने पर शासन ने एलडीए से नाराजगी जाहिर की है। शासन ने एलडीए से कहा है कि दोषी अफसरों और कर्मचारियों का पूरा ब्योरा भेजें कि वे कब से कब तक तैनात रहे। यह भी पूछा है कि क्या इंजीनियरों के अलावा अन्य अफसर और कर्मचारी जिम्मेदार नहीं हैं ? इस बारे में तत्काल प्रमाण सहित पूरा ब्योरा एलडीए से मांगा है।
एलडीए की रिपोर्ट के मुताबिक, 1996 में भवन मालिकों से कहा गया था कि बिल्डिंग का स्वरूप बदलकर आवासीय कर लें। या फिर शासनादेश के अनुसार धनराशि जमा करके कुछ हिस्से का भूउपयोग कार्यालय में बदलवा लें। इसके बाद मालिकों की ओर से ग्रुप हाउसिंग का नक्शा प्रस्तुत करते हुए आवेदन किया गया, लेकिन बाद में अवैध रूप से व्यावसायिक निर्माण कराकर इसे होटल में बदल दिया गया। यह होटल पांच साल से संचालित हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मानचित्र निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है। होटल सील किया जा चुका है और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। एलडीए ने 2 जुलाई 2017 से तैनात कर्मचारियों और अधिकारियों की एक लिस्ट शासन को भेजी है और लिखा है कि इनके द्वारा बिल्डर से मिलीभगत करके कोई कार्रवाई नहीं की गई। रिपोर्ट में चार जोनल अधिकारियों (अधिशासी अभियंता), 7 सहायक अभियंताओं और 11 जूनियर इंजिनियरों को जिम्मेदार बताया गया है।












Click it and Unblock the Notifications