वकील की हत्या के विरोध में वकीलों ने कई बसों को फूंका, पुलिस ने भाजी लाठी
लखनऊ। हाई कोर्ट के वकील की हत्या के विरोध में लखनऊ की सड़कों पर वकीलों ने हंगामा शुरु कर दिया है। कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया है साथ ही स्वास्थ्य भवन के बाहर जाम कर दिया है।

लखनऊ के गणेशगंज में वकील श्रवण कुमार की हत्या के बाद आज वकील न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उग्र हो गये। लखनऊ के वकीलों ने पूरी तरह से काम काज को भी कोर्ट में पूरी तरह से ठप्प कर दिया है।
वकीलों ने सड़क पर जमकर हंगामा करते हुए दुकानों पर जमकर तोड़फोड़ की और कई बसों को फूंक दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य भवन क्रासिंग पर भी वकीलों के हंगामे की वजह से कई एंबुलेंस और मरीजों को मुश्किलों को सामना करना पड़ रहा है।
वहीं हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हिंसक लोगों पर लाठी भी चलानी पड़ी। वकील जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी के साथ 30 लाख रुपए के मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
वहीं प्रशासन ने मृत वकील के परिजनों को पांच लाख रुपए का मुआवजा देने का ऐलान किया है। साथ ही जल्द से जल्द हत्या के मामले में जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications