बकरों से भरी पिकअप के ड्राइवर को हाईवे पर आई नींद की झपकी, खंडहर से टकराई, 2 की मौत
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सीतापुर रोड पर मंगलवार को जानलेवा हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार पिकअप कार के चालक को नींद आने के चलते बकरों से लदी पिकअप सड़क किनारे खड़े खँडहर में जा घुसी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि पिकअप वाहन चालक गाड़ी में ही फंस गया और मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसके अलावा एक और व्यक्ति की भी जान चली गई। शोर सुनकर दौड़े राहगीरों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों के शवों को बाहर निकाला। हादसे में अन्य तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुए थे।

सड़क किनारे खड़े खँडहर में जा घुसी पिकअप
क्षेत्राधिकारी बख्शी का तालाब बीनू सिंह ने बताया कि इस घटना में पिकअप सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई है, जबकि तीनों घायलों को सौ सैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां से एक की हालत को गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।

बकरा बेचने के लिए सीतापुर से लखनऊ आये थे
यह घटना इटौंजा थाना क्षेत्र के लखनऊ-सीतापुर हाइवे की है। यहां लखनऊ इंटरनेशल पब्लिक कॉलेज के निकट हर्ष इंस्टिट्यूट के सामने मंगलवार को एक तेज रफ़्तार अनियंत्रित पिकअप सड़क किनारे बनी काफी पुरानी खंडहर नुमा दुकानों में जा घुसी। जिस वक्त हादसा हुआ उस समय पिकअप वाहन में चालक सहित पांच लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि ये सभी बकरीद पर बकरा बेचने के लिए सीतापुर से लखनऊ आये थे और वापस घर जा रहे थे।

ये लोग घायल हुए
थाना प्रभारी इटौंजा महेश चंद्र ने बताया कि सुबह करीब 5:00 से 6:00 बजे ये हादसा उस वक्त हुआ जब चालक को झपकी आ गई। इस हादसे में पिकप सवार रियाज अहमद (20), अनवर (35) की मौत हो गई है। जबकि इकरार, हलीम, रज्जू व कलीम गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी पिकअप सवार थानगांव सीतापुर के रहने वाले हैं। इस हादसे में कई बकरे भी चोटिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जाँच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications