Ghosi By Election: सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव बोले- जनमत का परिणाम आ गया, छलमत का आना बाकी
सपा चीफ अखिलेश यादव ने एक निजी सर्वे के रिपोर्ट को ट्वीट करते हुए दावा किया है कि घोसी उपचुनाव में तो जनमत का परिणाम आ गया है अब छलमत का आना बाकी है।
UP Ghosi Bypoll: उत्तर प्रदेश में मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट (Ghosi Assembly Seat) पर पांच सितंबर को मतदान हुआ था। इस सीट पर आज मतगणना का काम शुरू हो गया है। हालांकि अभी शुरुआती रुझान सामने नहीं आए हैं लेकिन इस बीच अखिलेश ने संभावित नतीजों को लेकर सरकार पर हमला बोला है।

यूपी के पूर्व सीएम और सपा के चीफ अखिलेश यादव ने एक निजी समाचार चैनल के सर्वे को ट्वीट करते हुए लिखा है कि, ''जनमत का दिया सच का परिणाम तो आ गया... सत्ताधारियों के छलमत का परिणाम आना बाकी है।''
सपा प्रत्याशी ने भी लगाए आरोप
इससे पहले सपा प्रत्याशी सुधाकर सिंह ने एक तरह से योगी सरकार की तुलना अमेरिकी सरकार से कर दी। मीडिया से बात करते हुए सुधाकर सिंह ने कहा कि,
लादेन पाकिस्तान में छिपा था। उसकी कड़ी निगरानाी हो रही थी इसके बावजूद अमेरिका आया और आकाश से उठाकर ले गया। पाकिस्तान को भनक भी नहीं लग पायी। उसी तरह घोसी में यदि सही सलामत वोटों की गिनती हो जाए तो सपा 50 वोटों से जीत जाएगी। अगर सही मायने में ये लोग लोकतंत्र का सम्मान करते हैं तो सही सलामत मतगणना करवा दें।
घोसी में सपा-बीजेपी में टक्कर
ऐसा माना जा रहा है कि इस बार घोसी उपचुनाव में सपा और बीजेपी के बीच ही सीधी टक्कर है। वर्तमान उपचुनाव तत्कालीन सपा विधायक दारा सिंह चौहान की वजह से हुआ था। दारा अब बीजेपी के उम्मीदवार हैं। योगी सरकार के पहले कार्यकाल में मंत्री रहे चौहान ने पिछले साल 12 जनवरी को मंत्रिपरिषद से इस्तीफा दे दिया था और सपा में शामिल हो गये थे।
अपने गिरेबान में झांके सपा, इवीएम को कोसना बंद करे
हालांकि सपा के इन आरापों को लेकर बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता अवनीश त्यागी ने कहा कि,
सपा और अखिलेश यादव घोसी के संभावित नतीजों को लेकर डरे हुए हैं। ये हर बार किसी न किसी को जिम्मेदार ठहराते हैं। कमियों पर काम करने की बजाए सरकार को कोसने का काम है इनका। घोसी में इस बार भगवा परचम लहराएगा और बीजेपी शानदार जीत हासिल करेगी। यही देश की जनता और घोसी की जनता का मिजाज है।












Click it and Unblock the Notifications