COVID-19: कोरोना संक्रमित कांग्रेस के पूर्व MLC नसीब पठान ने तोड़ा दम, अस्पताल से ही योगी सरकार पर उतारा था गुस्सा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना से ठीक होने वाले लोगों की संख्या भले ही बढ़ती जा रही हो, लेकिन मौतों का आंकड़ा भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को उत्तर प्रदेश के बिजनौर से कद्दावर कांग्रेसी नेता और पूर्व एमएलसी नसीब पठान ने कोरोना संक्रमण से दम तोड़ दिया। उनका इलाज गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। रविवार को उन्होंने अस्पताल में आखिरी सांस ली। नसीब पठान की मौत से उनके परिजनों व समर्थकों में शोक की लहर है। बता दें, गुरुवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को हाथरस न जाने देने पर नसीब पठान ने अस्पताल से ही ट्विटर पर वीडियो जारी किया था और योगी आदित्यनाथ सरकार पर गुस्सा उतारा था।

यूपी में पिछले 24 घंटे में 5226 लोग हुए ठीक
यूपी अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 24 घंटों में राज्य में कोरोना से 5226 लोग ठीक होकर डिस्चार्ज हुए हैं। अब प्रदेश में रिकवर होने के बाद डिस्चार्ज हुए लोगों की कुल संख्या 3 लाख 62 हजार 52 है। उन्होंने बताया कि रिकवरी प्रतिशत 87.35 है। पिछले 24 घंटों में 1,59,128 सैंपल्स की जांच की गई। अब तक कुल 1,07,39,169 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 46 हजार 385 है।
लखनऊ और कानपुर में कोरोना के अधिक मामले
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि ऐसे जिले जिनमें 100 से अधिक संक्रमण के मामले आ रहे हैं, उनमें कंटेनमेंट एरिया बनाए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जनपद लखनऊ और कानपुर में संक्रमण की स्थिति अधिक है, इसको नियंत्रित करने के भी निर्देश दिए गए है।












Click it and Unblock the Notifications