संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ करने लखनऊ पहुंची दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम
लखनऊ, 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश में काकोरी और मड़ियाहूं क्षेत्र से पकड़े गए दो संदिग्ध आतंकियों से पूछताछ करने के लिए दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की तीन सदस्यीय टीम लखनऊ पहुंच गई है। यूपी एटीएस ने मिनहाज अहमद और मुशीर उर्फ मसीरुद्दीन नाम के दोनों संदिग्धों को 11 जुलाई को गिरफ्तार किया था। यूपी एटीएस का दावा है कि इन दोनों के संबंध आतंकी संगठन अल कायदा से जुड़े अंसार गजावत-उल-हिंद ग्रुप से है।

यूपी एटीएस के मुताबिक, प्रदेश में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश में ये दोनों शामिल थे और उनके ठिकानों से बम, विस्फोटक, बंदूकें समेत अन्य संदिग्ध सामानों की बरामदगी की गई। संदिग्ध आतंकी मनिहाज और मुशीर को 14 दिन की रिमांड पर पुलिस कस्टडी में कोर्ट ने भेज दिया है जहां इन दोनों से गहन पूछताछ कर आतंकी नेटवर्क के बारे में आगे की तफ्तीश की जा रही है।
गोरखपुर में मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी पर कहा कि पाकिस्तान से संबंध रखने वाले कुछ लोग लखनऊ में बड़ी आतंकी घटना को अंजाम देने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने की कोशिश की लेकिन उनकी साजिश का पर्दाफाश समय रहते पुलिस ने किया। प्रदेश में विकास तभी संभव है जब जनता सुरक्षित रहेगी। प्रदेश के 24 करोड़ लोगों को किसी भी परिस्थिति में सुरक्षा दी जाएगी। असामाजिक और अराजक गतिविधियों को कुचलने के लिए और पेशवर अपराधी व माफिया के खिलाफ कड़े एक्शन लिए जा रहे हैं।
प्रदेश के डीजीपी मुकुल गोयल ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मुद्दा है। अल कायदा अंतर्राष्ट्रीय आतंकी गुट है। रिमांड पर लिए गए दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर जानकारियां इकट्ठा कर रहे हैं। हमें सावधान रहने की जरूरत है। एडीजी कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने कहा कि यूपी एटीएस ने एक व्यक्ति को काकोरी थाने से और दूसरे को मड़ियाहूं थाने से गिरफ्तार किया। ये दोनों साथियों की मदद से 15 अगस्त से पहले लखनऊ या किसी भीड़भाड़ वाले इलाके में विस्फोट करने की साजिश रच रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications