पूजा और नमाज घर से ही करें, जान ज्यादा महत्वपूर्ण, बोले सीएम योगी आदित्यनाथ
लखनऊ। लॉकडाउन 3.0 कोरोना वायरस महामारी को रोकने के लिए देश में पिछले 25 मार्च से लगा हुआ है, जो अब 17 मई तक चलेगा। लेकिन 4 मई के बाद उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में राहत मिलने की उम्मीद है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक निजी चैनल को दिए गए अपने इंटरव्यू में कहा कि कोरोना जैसी महामारी से खुद को और लोगों को बचाना महत्वपूर्ण है। इसके लिए मंदिर-मस्जिद में जाने की बजाय पूजा और नमाज घर से पढ़ी जा सकती है।

हमें बचना है औऱ बचाना भी है...
सीएम योगी ने कहा कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए हमने सभी धर्मगुरुओं से बात की। उन्होंने कहा कि कोरोना की इस महामारी से हमें बचना है और बचाना भी है, इसलिए चाहे पूजा हो या नमाज ये घर से भी हो सकती हैं। कोई भी उपासना हो वो घर बैठकर ही कर सकते हैं।' उन्होंने कहा, 'अभी नवरात्रि में सभी हिंदुओं ने मंदिरों में ना जाकर घर पर ही मां दुर्गा की पूजा की। रामनवमी आयोजन घर पर ही हुआ। यही अपील हमने रमजान की महीने में की है, कि जो भी करना है अपने घर में करिए।

'जिन जमातियों ने बीमारी छुपाई, उन पर होगी कार्रवाई'
इसके अलावा योगी आदित्यनाथ ने तब्लीगी जमात को देशभर में कोविड-19 के मामलों में उछाल के लिए भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि तब्लीगी जमात ने जो किया वह निंदनीय था। अगर उन्होंने इस तरह का व्यवहार नहीं किया होता, तो देश में तालाबंदी के पहले चरण के दौरान ही कोरोनो वायरस की स्थिति में सुधार हो गया होता। तब्लीगी जमात ने एक आपराधिक कृत्य किया और उनसे उसी के अनुसार निपटा जाना चाहिए।

बीमारी होना कोई अपराध नहीं
यूपी के मुख्यमंत्री ने कहा, 'बीमारी होना कोई अपराध नहीं है लेकिन कोरोना जैसी बीमारी को छिपाना निश्चित रूप से अपराध है। हम उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे जिन्होंने कानून तोड़ा है।' बता दें कि शनिवार सुबह तक यूपी में कुल 2,328 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है, इनमें से 654 ठीक हो चुके हैं, जबकि इस बीमारी से प्रदेश में 42 लोगों की जान जा चुकी है।

यूपी में अब तक 19 रेड जोन जिले
उत्तर प्रदेश उन चुनिंदा राज्यों में भी शामिल है जहां कोरोना वायरस से संक्रमित मामलों की संख्या एक हजार के पार जा चुकी है। राज्य में पहला मामला मार्च की शुरुआत में आगरा में सामने आया था। केंद्र सरकार द्वारा जारी रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन की सूची के अनुसार उत्तर प्रदेश में रेड जोन में आने वाले जिले सबसे अधिक हैं। राज्य में 19 जिले रेड, 36 जिले ऑरेंज और 20 जिले ग्रीन जोन की सूची में शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications