पुरुष घर में रजाइयों में सो रहे, महिलाओं-बच्चों को बैठा दिया है सीएए के विरोध में चौराहे पर: CM योगी
लखनऊ. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध करने वालों पर करारा हमला बोला है। योगी ने दिल्ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर पर जुटी महिला-बच्चों की भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि वो पुरुष घर में रजाइयों में सो रहे हैं और महिला-बच्चों को चौराहे पर सीएए के विरोध में बैठा दिया है। उन लोगों में हिम्मत नहीं कि वो स्वयं आंदोलन करें, इसलिए घर की महिलाओं का इस तरह सहारा ले रहे हैं। सुर्खियां बटोर रहे हैं।'

'विपक्ष देश के दुश्मनों की भाषा बोल रहा'
मुख्यमंत्री योगी ने यह बातें कानपुर में सीएए के समर्थन में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहीं। योगी ने आगे कहा, 'प्रदर्शन के नाम पर हिंसा को बर्दाश्त नहीं करेंगे। ये हम देख रहे हैं कि विपक्ष देश के दुश्मनों की भाषा बोल रहा है। हिंसा करने वालों से वसूली की जाएगी।''

'महिलाओं को नहीं पता कि सीएए क्या है'
योगी ने कहा, ''विपक्ष के रवैये से देश के दुश्मनों के हौसले बुलंद हो गए हैं। ये भारत को बदनाम करने का अभियान चल रहा है। कश्मीर की आज़ादी के नारे देशद्रोह की श्रेणी में हैं।''
''यह लज्जाजनक है कि, पुरुष घर में रजाई में सो रहे हैं और महिलाएं चौराहे पर हैं। विरोध करने वाली उन महिलाओं को नहीं पता कि सीएए क्या है, उनके पुरुष अक्षम हैं।'

इन स्थानों पर महिलाएं हुईं विरोध में शामिल
सीएए को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों में इस माह की शुरूआत दिल्ली के शाहीन बाग और लखनऊ के घंटाघर पर भीड़ जुट रही है। बीते कई दिनों से इन प्रदर्शनों में अब महिला-बच्चे भी पहुंच रहे हैं। लखनऊ के घंटाघर इलाके में महिलाएं और बच्चे हाथों में तिरंगा थामे नागरिकता संशोधन ऐक्ट के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उर्दू के मशहूर शायर मुनव्वर राणा की बेटियों के अलावा यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव की बेटी भी विरोध-प्रदर्शन में महिलाओं के बीच नजर आई।












Click it and Unblock the Notifications