UP News: CM Yogi ने की इंटरनेशनल ट्रेड शो की समीक्षा, जानिए क्या दिये निर्देश
उत्तर प्रदेश में सितंबर में पहला इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन किया जाएगा। सरकार अभी से इसकी तैयारियों में जुट गई है।
International Trade Show in UP: उत्तर प्रदेश में ग्लोबल इनवेस्टर समिट की सफलता के बाद अब योगी सरकार ने नोएडा में इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी शुरू कर दी है। इस बड़े आयोजन को लेकर गुरुवार देर रात को सीएम योगी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए। पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 66 देशों के 400 से अधिक बायर हिस्सा लेंगे।

इंटरनेशनल ट्रेड शो की तैयारी में यूपी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन एवं प्रदेश सरकार के सफल प्रयासों से यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। राज्य सरकार 21 से 25 सितंबर, 2023 तक ग्रेटर नोएडा स्थित इण्डिया एक्सपो सेण्टर एण्ड मार्ट के विशाल परिसर में अपने प्रथम यू0पी0 इण्टनेशनल ट्रेड शो का भव्य आयोजन करने जा रही है।
राष्ट्रपति 21 सितंबर को करेंगी उद्घाटन
योगी ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर-कमलों से 21 सितम्बर, 2023 को यू0पी0 इण्टरनेशनल ट्रेड शो का शुभारम्भ होगा। इण्टरनेशनल ट्रेड शो, उत्तर प्रदेश के बड़े उद्योगों, स्टार्टअप, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन व संस्कृति, ऊर्जा जैसे सेक्टरों के उद्यमियों, विनिर्माताओं और निर्यातकों के लिए वैश्विक मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इस इण्टरनेशनल ट्रेड शो के माध्यम से पूरी दुनिया उत्तर प्रदेश के अद्भुत 'क्राफ्ट, कुज़ीन और कल्चर' को जोड़ने का काम करेगी।
66 देशों के 400 खरीददार लेंगे हिस्सा
सीएम योगी ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ अनेक देशों से लोग इस आयोजन के प्रति उत्साहित हैं और प्रतिभाग करने आ रहे हैं। ट्रेड शो में अब तक 66 से अधिक देशों के लगभग 400 खरीदारों के पंजीयन हो चुके हैं। ट्रेड शो के सफल आयोजन में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय, वाणिज्य मंत्रालय, उद्योग प्रोत्साहन एवं आन्तरिक व्यापार विभाग और एम0एस0एम0ई0 मंत्रालय की ओर से अपेक्षित सहयोग प्राप्त हो रहा है।
भारतीय राजदूतों से सम्पर्क स्थापित कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि विदेश में तैनात भारतीय राजदूतों एवं उच्चायुक्तों से लगातार संवाद बनाते हुए और अधिक विदेशी खरीदारों, उद्यमियों, कम्पनियों को इस ट्रेड शो में आमंत्रित किया जाए। यह मल्टीसेक्टोरल ट्रेड शो हमारे स्थानीय उद्यमियों, उत्पादों और शिल्प को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने में सहायक साबित होगा। ट्रेड शो में छोटे उद्यमियों, नए निर्यातकों और महिला उद्यमियों के लिए रियायती दर पर स्टॉल उपलब्ध कराए जाएं।
5 दिनों तक चलेगा यह ट्रेड शो
मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले इंटरनेशनल ट्रेड शो को भव्य बनाने पर बल देते हुए कहा कि 05 दिवसीय इस महत्वपूर्ण ट्रेड शो के दौरान हर दिन एक विशेष थीम पर नॉलेज सेशन आयोजित किया जाए। इरडा के सहयोग से बीमा सेक्टर पर सत्र आयोजित किया जाए।
इस ट्रेड शो से यूपी को मिलेगा लाभ
सीएम ने कहा कि ओ0डी0ओ0पी0 उत्पादों की पैकेजिंग, मार्केटिंग व निर्यात प्रोत्साहन, इन्वेस्ट यू0पी0 की सफलता व इलेक्ट्रॉनिक्स सॉफ्टवेयर के सम्बन्ध में भी सत्र आयोजित किये जायें। उत्तर प्रदेश के 54 जी0आई0 उत्पादों पर आधारित फैशन शो भी आयोजित किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications