पैसे खत्म हुए तो लॉकडाउन में परिवार संग साइकिल से छत्तीसगढ़ के लिए निकला परिवार, हादसे में पति-पत्नी की मौत
लखनऊ। लॉकडाउन की वजह से प्रवासी मजदूरों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। इसके चलते प्रवासी मजदूर वापस अपने-अपने राज्यों को लौटने लगे है। रोजी-रोटी के संकट से परेशान होकर एक दंपति शुक्रवार को साइकिल से छत्तीसगढ़ के निकले, लेकिन लखनऊ के शहीद पक्ष पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। इस हादसे में मजदूर दंपति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, उनके दोनों बच्चों का इलाज लोहिया अस्पताल में चल रहा है।

मूल रूप से छत्तीसगढ़ का रहने वाला 35 वर्षीय कृष्णा जानकीपुरम इलाके में झोपड़पट्टी में परिवार समेत रहता था। पति-पत्नी राजधानी लखनऊ में अलग-अलग जगह पर जहां काम मिलता था वहां मजदूरी करते थे। जैसे तैसे लॉकडाउन का एक लंबा समय इस परिवार ने काट लिया था, लेकिन पैसे की किल्लत होने के चलते कृष्णा ने फैसला किया कि वह अपने घर छत्तीसगढ़ जाएगा। जिसके बाद साइकिल से ही अपनी पत्नी और दो बच्चों को लेकर जानकीपुरम से छत्तीसगढ़ के लिए निकल पड़ा।
लखनऊ के शहीद पथ पर किसी अज्ञात वाहन ने कृष्णा की साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। चारों साइकिल समेत उछलकर सड़क पर गिर गए। कृष्णा और प्रमिला को गंभीर चोटें आईं जबकि दोनों बच्चे भी घायल हो गए थे। वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान कृष्णा और प्रमिला ने दम तोड़ दिया।
डीसीपी ईस्ट सोमेन बर्मा ने बताया कि सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में शहीद पथ पर बुधवार देर रात का यह हादसा है, जिसमें मूल रूप से छत्तीसगढ़ निवासी कृष्णा और उसकी पत्नी प्रमिला की मौत हुई है। जबकि उसके दो बच्चे 3 साल का बेटा निखिल और 4 साल की बेटी चांदनी घायल हैं। दोनों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।












Click it and Unblock the Notifications