लखीमपुर खीरी मामले में भूपेश बघेल ने की केंद्रीय मंत्री को हटाने की मांग, बोले- ये हत्या थी
लखनऊ, 04 अक्टूबर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लखीमपुर खीरी मामले में भाजपा सरकार पर हमला बोला है। बघेल ने कहा कहा कि हमें वहां (लखीमपुर खीरी) जाने और पीड़ित परिवारों से मिलने की अनुमति क्यों नहीं है? कल पुलिस ने प्रियंका गांधी के साथ बदसलूकी की और बिना वारंट के उन्हें सीतापुर में रोक दिया। क्या अब किसी से सहानुभूति रखना अपराध है? उन्होंने कहा कि बीजेपी विपक्ष को दबाना चाहती है और उसके खिलाफ किसी भी आवाज को कुचलना चाहती है। हरियाणा के सीएम एमएल खट्टर का बयान उनकी मानसिकता को भी दर्शाता है जो हर विरोध को खत्म करना चाहता है। यह तानाशाही है। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।

लखीमपुर खीरी हिंसा में अब तक 9 की मौत
बता दें, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। जिले में धारा 144 लागू है। माहौल तनावपूर्ण है। मौके पर भारी पुलिसबल और पीएसी की कई कंपनियां तैनात हैं। इस घटना के बाद सियासत गरमा गई है। रविवार देर रात प्रियंका गांधी लखीमपुर जा रही थीं, उन्हें रास्ते में रोका गया। इधर, छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा को यूपी सरकार ने लखनऊ आने की इजाजत नहीं दी है। यूपी सरकार ने लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट अथॉरिटी को लेटर लिखकर कहा है कि इन नेताओं को एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत न दी जाए।
लखीमपुर खीरी बवाल
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को लखीमपुर खीरी में आयोजित कुश्ती कार्यक्रम में आना था। उनके पहुंचने से पहले किसान, कृषि कानून के विरोध में काले झंडे लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। आरोप है कि केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे अशीष मिश्रा और उसके समर्थकों ने प्रदर्शन कर रहे किसानों पर गाड़ियां चढ़ा दीं। इससे बाद गुस्साए किसानों ने दो गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। इस पूरे मामले में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हिंसा की खबर के बाद डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी अपना लखीमपुर दौरा रद्द कर दिया था।
लखीमपुर खीरी जाने से नेताओं को रोका जा रहा
इस घटना के बाद प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई बड़े नेताओं ने लखीमपुर कूच का ऐलान किया। प्रियंका गांधी देर रात लखनऊ पहुंचीं। लखीमपुर के रास्ते में हरगांव में उन्हें हिरासत में ले लिया गया। अखिलेश यादव के लखीमपुर खीरी के निर्धारित दौरे से पहले विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने लखनऊ एयरपोर्ट से छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल और पंजाब के डिप्टी सीएम सुखजिंदर एस रंधावा को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति नहीं देने को कहा है।












Click it and Unblock the Notifications