Lucknow News: बस चालक टावर पर चढ़कर कूदने की दे रहा धमकी, अफसरों के छूटे पसीने
लखनऊ के कैसर बाग में स्थित अवध डिपो वर्कशॉप के समीप टावर पर गुरुवार सुबह में एक बस चालक चढ़ गया। चालक द्वारा कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी जा रही है।

lucknow के कैसरबाग में स्थित अवध डिपो वर्कशॉप के समीप स्थित एक मोबाइल टावर पर गुरुवार सुबह एक बस चालक चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद बस चालक को कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। टावर पर बस चालक के चढ़ने की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और डिपो के अधिकारियों द्वारा उसे नीचे उतारने का प्रयास किया जा रहा है लेकिन वह उतरने के लिए तैयार नहीं है।

कूदकर जान देने की दे रहा है धमकी
बताया जा रहा है कि अलीगढ़ डिपो में संविदा पर तैनात बस चालक राजू सैनी गुरुवार सुबह में लखनऊ कैसरबाग स्थित अवध डिपो वर्कशॉप में मौजूद था। सुबह में ही वह मोबाइल टावर के समीप पहुंचा और टावर पर चढ़ने लगा। उसे टावर पर चढ़ते हुए कुछ लोगों ने देखा तो उसे उतरने के लिए आवाज लगाए लेकिन वह नीचे उतरने की जगह और ऊपर चला गया। देखते ही देखते हुए टावर के ऊपरी हिस्से में पहुंच गया और कूदने की धमकी देने लगा। संविदा चालक द्वारा टावर पर चढ़कर कूदने की धमकी देने की सूचना मिलते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दिया। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे उतारने के प्रयास में जुट गई।
अधिकारी की भी बात मानने को नहीं तैयार
चालक के टावर पर चढ़ने के बाद डिपो में स्थित अधिकारी भी वहां पहुंचे। अधिकारियों द्वारा भी उससे नीचे उतरने का अनुरोध किया गया, लेकिन वह अधिकारियों की बात भी मानने को तैयार नहीं है। वहीं ऊंचा टावर होने के चलते बस चालक की आवाज टॉवर के नीचे खड़े लोगों को स्पष्ट रूप से सुनाई भी नहीं दे रही है। डिपो में तैनात अन्य चालकों और उसके सहयोगियों का कहना है कि डीजल कटौती किए जाने के कारण ही राजू नाराज लग रहा है। इसी नाराजगी के चलते वह टावर पर चढ़ा हुआ है। फिलहाल उसे मनाने के लिए अधिकारी प्रयास कर रहे हैं और हाइड्रोलिक मशीन भी मंगाई गई है। दोपहर तक कैसरबाग में स्थित अवध डिपो वर्कशॉप के बाहर बस चालक का हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications