ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर मायावती का भाजपा, सपा पर हमला
लखनऊ, 09 जुलाई: उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में पहले जिला पंचायत अध्यक्ष और अब ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान जगह-जगह हुई हिंसा को लेकर बसपा प्रमुख मायावती ने भाजपा के जरिए समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला किया है। मायावती ने कहा कि अभी जो भाजपा सरकार में हो रहा है, ऐसा सपा के पूरे शासनकाल में होता रहा, जो काफी चर्चाओं में भी रहा। मायावती ने कहा जनता कुछ भी नहीं भूली है। इसके अलावा मायावती ने बीएसपी के इन दोनों चुनावों को लड़ने के फैसले को भी सही माना है।

मायावती ने कहा- सपा का जुबानी विरोध घोर छलावा
बीएसपी प्रमुख मायावती ने शुक्रवार को ट्वीट में लिखा, ''यूपी पंचायत चुनाव में भाजपा द्वारा पहले जिला पंचायत अध्यक्ष व अब ब्लाक प्रमुख के चुनाव के दौरान भी सत्ता व धनबल का घोर दुरुपयोग व हिंसा आदि जो हो रही है वह सपा शासन की ऐसी अनेकों यादें ताजा कराता है। इसीलिए बीएसपी ने इन दोनों अप्रत्यक्ष चुनावों को नहीं लड़ने का फैसला लिया। अब यूपी विधानसभा का चुनाव निकट है तब भाजपा सरकार के विरूद्ध सपा जो जुबानी विरोध व आक्रामकता दिखा रही है वह घोर छलावा व अविश्वसनीय, क्योंकि इन्हीं सब सत्ता के दुरुपयोग व हर कीमत पर चुनाव जीतने आदि के लिए सपा का पूरा शासनकाल काफी चर्चाओं में रहा। जनता कुछ भी नहीं भूली।''
मायावती ने कहा- 'हल्लाबोल' के तेवर वाली सपा क्यों निष्क्रिय
मायावती ने अपने ट्वीट में आगे लिखा, ''साथ ही, बात-बात पर 'हल्लाबोल' के तेवर वाली सपा यहाँ के गरीबों, किसानों व बेरोजगारों आदि के अधिकारों तथा दलितों, पिछड़ों व मुस्लिम समाज के ऊपर यहाँ लगातार हो रहे अन्याय-अत्याचार व हिंसा आदि पर अभी तक निष्क्रिय क्यों रही है? यह भी सोचने की बात है।'' इससे पहले पूर्व सांसद पप्पू यादव ने ट्वीट किया, ''बाबू अखिलेश यादव जी, आप से न हो पाएगा, सड़क पर संघर्ष!इतनी बड़ी पार्टी,इतना संसाधन हो तो BJPवालों की गुंडई और ढोंगी के दुःशासन का होश ठिकाने लगा देता! एक बहन का बीच सड़क पर चीरहरण और आप आराम से बैठे हो!जेल से निकलता हूं, संघर्ष के लिए पार्टी आउटसोर्स कर दीजिएगा! फिर दिखाते हैं।''












Click it and Unblock the Notifications