नीमच लिंचिंग : मायावती ने MP सरकार से की दोषियों को सख्त सजा देने की मांग
लखनऊ, 29 अगस्त: मध्य प्रदेश के नीमच जिले में शख्स को तालिबानी सजा देते हुए मौत के घाट उतारने की घटना को बसपा प्रमुख मायावती ने अति-निन्दनीय करार दिया है। साथ ही बीएसपी की ओर से प्रदेश सरकार से दोषियों को सख्त सजा दिए जाने की मांग की है। बता दें, नीमच में युवक को पीटने के बाद गाड़ी में बांधकर घसीटा गया, जिससे उस युवक की मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें युवक लगातार अपनी जान की भीख मांग रहा है, लेकिन दबंगों ने उसकी एक न सुनी।

सरकार दोषियों को सख्त सजा दे: मायावती
बसपा सु्प्रीमो मायावती ने रविवार को ट्वीट किया, ''मध्य प्रदेश के नीमच जिले में आदिवासी वर्ग के श्री कन्हैयालाल भील की मामूली बात पर की गई पिटाई व फिर उसे गाड़ी में बाांधकर घसीटने से हुई मौत दिल दहलाने वाली मॉब लिंचिंग की यह घटना अति-निन्दनीय। सरकार दोषियों को सख्त सजा दे, बीएसपी की यह माँग।''
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 26 अगस्त की है। मध्य प्रदेश के नीमच जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र में कन्हैया लाल भील (आदिवासी युवक) अपने साथी के साथ ग्राम अथवा कलां से गुजर रहा था। तभी वहां गुर्जर समाज के लोगों की कारें भी निकलीं। इस दौरान कन्हैला लाल की बाइक की टक्कर गुर्जर समाज के व्यक्ति से हो गई। मामूली से बात को लेकर गुर्जर समाज के लोगों ने आदिवासी युवक की लाठी-डंडों से पिटाई करनी शुरू कर दी। इसके बाद दबंगों ने युवक को पिकअप वाहन से बांधकर उसे काफी दूरी तक सड़क पर घसीट दिया। इस घटना का दबंगों ने वीडियो भी बनाया। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने अभी तक इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। कुल आठ लोग आरोपी बनाए गए हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। नीमच एसपी सूरज कुमार वर्मा ने कहा है कि पीड़ित का भी क्रिमिनल बैकग्राउंड था।












Click it and Unblock the Notifications