बीजेपी सांसद कौशल किशोर ने बेटे आयुष को संपत्ति से किया बेदखल, कहा- अंकिता मेरी बहू नहीं
लखनऊ। मोहनलालगंज से बीजेपी सांसद कौशल किशोर ने अपने बेटे आयुष को परिवार और संपत्ति से बेदखल कर दिया है। उन्होंने आयुष की पत्नी अंकिता को अपनी बहू मानने से इनकार करते हुए कहा कि आयुष की शादी किसी भी दशा में मान्य नहीं है। आयुष अभी 20 साल का है। वह 27 मार्च 2021 को 21 साल का होगा। इससे पहले उसकी शादी कानून रूप से वैध ही नहीं है। बता दें, गोलीकांड के बाद फरार सांसद का बेटा आयुष बीते रविवार को थाने पहुंचा था और बयान दर्ज करवाए थे। रविवार की रात को ही अंकिता ने आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस मामले में तफ्तीश कर रही है।

सांसद ने कहा- अंकिता ने बेटे को ब्लैकमेल कर की शादी
Recommended Video
सांसद का आरोप है कि अंकिता को किसी साजिश के तहत उनके परिवार के पीछे लगाया गया है। उन्होंने कहा कि अंकिता ने आयुष को ब्लैकमेल कर उससे शादी की थी। उसे ट्रेन की पटरी पर लिटाकर उसने वीडियो कॉल कराई और शादी के लिए दबाव बनाया तो उन्होंने मना कर दिया था। सांसद ने कहा कि बेटे की जिंदगी बचाने के लिए उन्होंने कहा कि जहां चाहो जैसे चाहो रहो। इसके बाद भी उसने अंकिता से शादी करने की बात उनसे नहीं बताई थी। सांसद ने कहा कि उन्होंने आयुष को परिवार और प्रॉपर्टी से बेदखल कर दिया है। इसकी कानूनी प्रक्रिया भी जल्द पूरी कर ली जाएगी।
क्या है पूरा मामला ?
लखनऊ में बीजेपी सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष पर गोली चलाई गई थी। पुलिस की जांच में पता चला कि गोली खुद सांसद के बेटे आयुष ने ही चलवाई थी। इसके बाद आयुष फरार हो गया था। इसी बीच उसने वीडियो वायरल कर पत्नी अंकिता पर हनीट्रैप सहित कई गंभीर आरोप लगाए। अंकिता ने आयुष के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए अपनी जान का खतरा बताया और थाने में तहरीर दी। बीते रविवार को आयुष बयान दर्ज कराने मड़ियांव थाने पहुंचा। रविवार रात अंकिता ने सोशल मीडिया पर दो वीडियो वायरल कर खुदकुशी की धमकी देकर देर रात डेढ़ बजे सांसद के घर के पास पहुंचकर कलाई की नस काट ली। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अंकिता को अब डिस्चार्ज कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications