'इस तरह का दिन देखना पड़ रहा है', मुरादाबाद की घटना पर सदन में बोले अखिलेश यादव
लखनऊ, 22 सितंबर: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गैंगरेप पीड़िता को निर्वस्त्र सड़क पर दौड़ाने का मुद्दा गुरुवार को विधानसभा में भी गूंजा। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर बोलते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को लेकर सरकार और विपक्ष दोनों को सोचने की जरूरत है। अखिलेश ने कहा, ''आज सरकार को नाराज नहीं करना है, लेकिन आज जब हम चर्चा कर रहे तो आज भी अखबारों में खबर छपी है। मुरादाबाद में एक महिला नग्न होकर सड़क पर भागने के लिए मजबूर हो रही है। इस तरह का दिन देखना पड़ रहा है।'' बता दें, उत्तर प्रदेश विधानसभा में आज महिलाओं को लेकर खास सत्र का आयोजन किया गया था।
Recommended Video

पिछले सालों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है: अखिलेश
अखिलेश यादव ने सदन में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले सालों में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ा है, लखीमपुर-हाथरस इसका सीधा उदाहरण है। सरकार प्रयास करें तो महिलाओं के खिलाफ हो रहे इन अपराधों को रोका जा सकता है और नियंत्रण किया जा सकता है। कानून-व्यवस्था के मामले को लेकर केवल चर्चा ना रह जाए, बल्कि ठोस कदम भी उठाए जाए। अखिलेश ने आगे कहा कि सरकार ने बड़ी-बड़ी बातें कहीं, लेकिन धरातल पर ऐसा कुछ नहीं है। अखिलेश ने कहा, ''पुलिस बल में महिलाओं के लिए विशेष भर्ती अभियान चलाया जाना चाहिए, डॉयल 112 का रिस्पांस टाइम कम हो, सपा सरकार में चलाई गई वुमन पॉवर हेल्पलाइन 1090 को मंजूर किया जाए और ऐप से जोड़ते हुए इसे बढ़ाया जाए, महिलाओं की सुरक्षा और उनको मौका देने के लिए सरकार के प्रयास जरूरी, उम्मीद है कि आज के सत्र के बाद कई मुद्दों पर बेहतर सुझाव आएंगे।''
आरोपियों को गिरफ्तार कर मिले कठोरतम सजा, सपा ने की मांग
मुरादाबाद के मामले में समाजवादी पार्टी ने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से लिखा, ''मानवता को शर्मसार कर रही महिला उत्पीड़न की घटनाएं! मुरादाबाद में गुंडों ने नाबालिग लड़की का गैंगरेप कर निर्वस्त्र दौड़ाया, बेहद शर्मनाक। भाजपा सरकार के बड़े-बड़े दावों, कार्यक्रमों के शोर तले दब रहा महिलाओं की पीड़ा का शोर। आरोपियों को गिरफ्तार कर मिले कठोरतम सज़ा।''












Click it and Unblock the Notifications