लखीमपुर में बच्ची के साथ हैवानियत पर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला, कही ये बातें
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में 13 साल की मासूम की रेप के बाद निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में दो आरोपियों को एनएसए के तहत गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। प्रदेश में लगातार हो रही वारदातों के बाद बच्ची के साथ हुई इस दरिंदगी के बाद विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर हो गया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपाकाल में उत्तर प्रदेश की बच्चियों व महिलाओं उत्पीड़न चरम पर है।
Recommended Video

अखिलेश ने कहा- इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना
अखिलेश यादव ने रविवार को ट्वीट किया, ''उप्र के लखीमपुर खीरी में एक बेबस किशोरी से दुष्कर्म के बाद निर्मम हत्या इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना है। भाजपाकाल में उप्र की बच्चियों व नारियों का उत्पीड़न चरम पर है। बलात्कार, अपहरण, अपराध व हत्याओं के मामले में भाजपा सरकार प्रश्रयकारी क्यों बन रही है?'' इससे पहले शनिवार को बसपा प्रमुख मायावती ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए ट्वीट किया, ''यूपी के लखीमपुर खीरी में दलित नाबालिग के साथ बलात्कार के बाद फिर उसकी नृशंस हत्या अति-दुःखद व शर्मनाक। ऐसी घटनाओं से सपा व वर्तमान भाजपा सरकार में फिर क्या अंतर रहा? सरकार आजमगढ़ के साथ खीरी के दोषियों के विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई करे, बीएसपी की यह मांग है।''

गन्ने के खेत में पड़ा मिला था बच्ची का क्षत-विक्षत शव
बता दें, लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में 14 अगस्त को 13 साल की मासूम बच्ची का क्षत-विक्षत शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बच्ची की दोनों आंखें फूटी हुईं थी और उसकी जुबान भी किसी नुकीले औजार से छेदी हुई थी। इतना ही नहीं, उसके गले में उसी का दुपट्टा कसा था और दोनों पैर बंधे थे। हालांकि, पोस्टमॉर्टम में यह साबित नहीं हो पाया। मेडिकल जांच में बच्ची से रेप और गला दबाकर हत्या करने की पुष्टि हुई है।

दो आरोपी गिरफ्तार, जांच में जुटी है पुलिस
लखीमपुर खीरी एसपी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications