UPPCL PF घोटाला: अखिलेश यादव ने कहा- विपक्ष से डरकर सरकार ने सीबीआई को सौंपी जांच
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने यूपीपीसीएल में हुए पीएफ घोटाले को लेकर सपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस की और योगी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल से ज्यादा हो चुके हैं। सपा सरकार में डिफॉल्टर कंपनी डीएचएफएल को एक भी पैसा नहीं दिया गया। यह बात एफआईआर में स्पष्ट है कि पैसा कब दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकार ने विपक्ष से डरकर मामले की जांच सीबीआई को सौंपी।

चाहकर भी मंत्री को हटा नहीं पा रहे मुख्यमंत्री
अखिलेश ने सच उजागर करने के लिए हाईकोर्ट के सिटिंग जज से मामले की जांच करवाने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी को कमजोर सीएम करार देते हुए कहा कि वह मंत्री को तो हटाना चाहते हैं, लेकिन हटा नहीं सकते। वह इतने कमजोर मुख्यमंत्री हैं कि जिन्हें हटा देना चाहिए वो कुर्सी पर बैठे हुए हैं।

'मुख्यमंत्री को दे देना चाहिए इस्तीफा'
अखिलेश यादव ने कहा कि 300 से ज्यादा विधायक मुख्यमंत्री को पसंद नहीं करते। इस आधार पर उन्हें खुद इस्तीफा दे देना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि आज यूपी के लोग सबसे ज्यादा महंगी बिजली खरीद रहे हैं और बिजली विभाग में ये सब हो रहा है।

'रोज हो रही हत्या, सीएम को नहीं पड़ रहा फर्क'
सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। आज यूपी की कानून व्यवस्था सबसे खराब दौर में है। सर्राफा व्यापारियों से लूट हो रही है। हर रोज हत्याएं हो रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री को कोई फर्क नहीं पड़ता।












Click it and Unblock the Notifications