शहीद हेमराज के गांव में टॉयलेट स्कैम: कागज पर ही बना दिए गये 130 शौचालय
मथुरा। सीमा पर दुश्मनों से लोहा लेते हुए पाकिस्तानी सेना के हाथों शहीद हुए लांस नायक हेमराज सिंह के गांव शेरनगर खिरार में टॉयलेट घोटाला प्रकाश में आया है। गांव में कागजों पर ही 130 शौचालय बनाकर ग्राम पंचायत के खाते से साढ़े आठ लाख रुपये की रकम हड़पने के मामले में ग्राम पंचायत के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक मुख्य विकास अधिकारी आन्द्रे वामसी ने जिला पंचायत अधिकारी राजेंद्र प्रयाद की सिफारिश पर ग्राम पंचायत अधिकारी भगत सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले में जांच के आदेश दिए गये हैं। सूत्रों ने बताया कि दो साल पहले छाता तहसील के शेरनगर खिरार गांव निवासी लांसनायक हेमराज सिंह जम्मू सीमा पर शहीद हुए थे तब सेना सहित केंद्र और प्रदेश सरकार तथा कई विभागों की ओर से उनके गांव को विकसित करने तथा परिवार को राहत प्रदान करने वाली कई घोषणाएं की गई थी।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि उनमें से एक योजना के तहत गांव को स्वच्छ बनाने के लिए पहले 251 घरों में शौचालय बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया लेकिन धन के अभाव में बाद में केवल 130 शौचालय निर्माण कराना तय किया गया। इसके लिए ग्राम पंचायत अधिकारी (विकास खण्ड छाता) भगत सिंह ने ग्राम निधि से उक्त धनराशि निकाल ली. उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय को कार्य पूरा होने की रिपोर्ट भी दे दी। किंतु, जब सीडीओ ने समीक्षा बैठक में इस मामले में संदेह जाहिर कर जिला पंचायत राज अधिकारी से जांच कराई तो भगत सिंह दोषी पाए गए। उन्होंने न केवल शौचालयों के लिए मिले धन का गबन किया था बल्कि गलत आंकड़े पेश कर सीडीओ को बहकाने का भी कार्य किया था।












Click it and Unblock the Notifications