लखीमपुर खीरी: स्कूल के लिए निकलीं 3 छात्राएं लापता, पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया
लखीमपुर खीरी, 31 अक्टूबर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में घर से स्कूल के लिए निकली तीन सहेलियां लापता हो गईं। तीनों शनिवार की सुबह घर से निकली थीं और अभी तक घर नहीं पहुंची हैं। परिजनों ने पुलिक को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। एसपी खीरी विजय ढुल ने लापता छात्राओं की तलाश के लिए सीओ निघासन के नेतृत्व में चार पुलिस टीमें गठित की हैं। पुलिस ने तीनों नाबालिग छात्राओं के फोटो भी जारी कर दिए हैं। और लोगों से पहचानकर पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई है। पुलिस ने दो मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं। इन नंबर पर फोन कर लड़कियों के बारे में सूचना दी जा सकती है।

निघासन कस्बे के आसपास के गांव में रहने वाली तीन नाबालिग सहेलियां 9वीं में पढ़ती हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह तीनों स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकलीं। देर शाम तक तीनों अपने घर नहीं लौटीं। तीनों के पिता एक-दूसरे के परिचित हैं, ऐसे में आपस में बातचीत करने के बाद शाम करीब 5 बजे तीनों के परिजन स्कूल पहुंचे। स्कूल में प्रिंसिपल ने बताया कि उन्होंने हाफ डे की जगह पूरे दिन की छुट्टी कर दी थी।
स्कूल में पता चला कि तीनों लड़कियों में केवल एक लड़की ही ट्यूशन पढ़ने टीचर के पास सुबह 8 बजे पहुंची थी। वह ट्यूशन पढ़ने के बाद सुबह करीब 9 बजे वहां से निकल गई थी। तलाशी के दौरान एक छात्रा के पिता को उनकी बेटी की साइकिल कॉलेज से कुछ दूरी पर स्थित दुर्गा मंदिर के पास खड़ी होने के बार में किसी ने बताया। परिजनों ने मामले की जानकारी सीओ सुबोध जायसवाल और कोतवाल रामलखन पटेल को दी, जिसके बाद वे स्कूल पहुंचे। सीओ सुबोध जायसवाल ने स्कूल में पूछताछ की तो पता चला कि एक युवक ने कई बार छात्रा से बात करने की कोशिश की थी। पुलिस ने उस युवक को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications