अमरूद खरीदने को लेकर कक्षा 6 के छात्र की पीट-पीटकर हत्या, भाई बोला- सांसें थमने तक मुक्के मारे
लखीमपुर। यूपी के लखीमपुर में बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा छह के छात्र को उसके ही साथी तीन छात्रों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि छात्र का अपने साथियों से अमरूद खरीदने को लेकर झगड़ा हुआ था। पुलिस ने छात्र के पिता की तहरीर पर तीनों आरोपी छात्रों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला
मामला लखीमपुर के अमिरनगर गांव का है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को स्कूल की छुट्टी के बाद कक्षा छह में पढ़ने वाले छात्र फरमान कुरैशी से उसके साथ पढ़ने वाले 15 वर्षीय तीन छात्रों ने अमरूद खरीदने को कहा था, जिसे फरमान ने मना कर दिया था। इस बात को लेकर फरमान का तीनों छात्रों से झगड़ा हो गया था। सोमवार को फरमान अपने चचेरे भाई तौहीद के साथ स्कूल गया था। तीन छात्रों ने मौका पाते ही फरमान पर हमला कर दिया और उसे पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी पर स्कूल स्टॉफ मौके पर पहुंचा और तीनों छात्रों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

'छाती पर चढ़कर मारते रहे मुक्का'
फरमान के पिता सैमूर ने बताया, ''मेरे भतीजे तौहीद ने बताया कि फरमान को तीन लड़कों ने टीचरों के सामने पीटा। वह फरमान की छाती पर चढ़कर उसका दम निकलने तक उसे मुक्के मारते रहे। बता दें, घटना की सूचना पर डीएम शैलेंद्र सिंह और एसएसपी पूनम मौके पर पहुंची और बच्चे के परिजनों से बात की। उन्होंने मुख्य आरोपी लड़के से बात की तो उसने कहा कि वह फरमान को मारना नहीं चाहता था, उसने केवल उसके पेट में मुक्का मारा था।

तीनों छात्रों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
पुलिस ने फरमान के पिता के तहरीर पर तीनों छात्रों के खिलाफ धारा 302 के तहत हत्या का केस दर्ज कर लिया है। एसएचओ संजय त्यागी ने बताया कि तीनों आरोपी छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हालांकि, शुरुआती जांच में ये बात सामने आई है कि केवल एक लड़के ने ही छात्र को पीटा था। उन्होंने कहा, ''हमने उन स्कूली छात्रों के बयान लिए हैं जो घटना के वक्त वहां मौजूद थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के असल कारणों का पता चल सकेगा। आरोपियों को जुवेनाइन होम भेज दिया गया है।''












Click it and Unblock the Notifications