नारायणी नदी के बीच अचानक बंद हुआ नाव का इंजन, जानिए फिर क्या हुआ?
नारायणी नदी के बीच अचानक बंद हुआ नाव का इंजन, जानिए फिर क्या हुआ?
कुशीनगर, जून 18: खबर उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले से है, यहां करीब 150 लोगों को लेकर जा रही नाव का इंजन नारायणी नदी के बीचों-बीच बंद हो गया। इंजन बंद होने से नाव पर सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लोगों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी जिला प्रशासन को दी। जिसके बाद छोटी-छोटी नावों से सभी लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका।
Recommended Video

नारायणी नदी के बीचों-बीच बंद हुआ नाव का इंजन
प्राप्त समाचार के मुताबिक, कुशीनगर जिले में नारायणी नदी बहती है। गुरुवार 17 जून को भगवानपुर, बनराही, सम्पूर्णानगर, किशुनवा स्थित कई गांव के लोग गांव में पानी भर जाने के कारण नदी को पार कर दशहवा, ठाढ़ीभार, कोकिलपट्टी गांव में आ रहे थे। इस बीच नाव का इंजन अचानक बंद हो गया। इससे नाव पर सवार करीब डेढ़ सौ से ज्यादा यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। तो वहीं, नारायणी नदी की बीच धारा में फंसी नाव बहते हुए लगभग 3 किलोमीटर दूर अमवा दीगर बंधे पर पहुंच गई।
छोटी-छोटी नावों से की बचाने की कोशिश
लोगों का शोर सुनकर आसपास से पहुंचे लोगों ने छोटी नाव लेकर लोगों को बचाने की कोशिश शुरू की। उन्होंने कई लोगों को बाहर निकाला। इस बीच किसी ने प्रशासन को इसकी खबर दी तो राहत दल मौके पर पहुंचा। जिले के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंच गए। रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी रात चलता रहा। बता दें कि लोगों को निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। सुबह सात बजे तक सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। करीब 8 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के सकुशल पूरा होने पर सभी ने राहत की सांस ली है।
फट गया था डीजल पाइप
ग्रामीणों ने बताया कि यह नाव तमकुही तहसील के बरवा पट्टी घाट से देर शाम लगभग डेढ़ सौ लोगों को लेकर नारायणी नदी पार कर रही थी। नदी की बीच धारा में नाव पहुंची ही थी कि डीजल का पाइप फट गया। इससे डीजल नदी में बह गया। बीच नदी की धारा में नाव का इंजन बंद हो गया और नाव फंस गई। इसके बाद नदी के तेज बहाव के साथ नाव अपने आप बहने लगी। करीब तीन किलोमीटर तक बहकर नाव अमवा दीगर घाट पर पहुंच गई।












Click it and Unblock the Notifications