पश्चिम बंगाल में निकाय चुनाव की मतगणना शुरू, भाजपा कर रही है फिर से मतदान की मांग
कोलकाता, 21 दिसंबर। कोलकाता निकाय चुनाव के बाद आज सुबह 8 बजे मतगणना शुरू हो गई है। वहीं मतों की गणना से पहले भाजपा ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है और सभी 144 वार्ड में फिर से मतदान की मांग कर रही है। रविवार को केएमसी चुनाव के दौरान कोलकाता स्थित एक पोलिंग स्टेशन पर देसी बम से हमला किया गया था। प्रदेश के चुनाव कमिश्नर सौरव दास ने कहा था कि इस मामले में 195 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 453 शिकायतें दर्ज की गई है, जिसे चुनाव आयोग देख रहा है। विपक्ष के नेता और नंदीग्राम के विधायक सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि केएमसी चुनाव में सिर्फ 20 फीसदी लोगों ने मतदान किया है। इलेक्शन कमिश्नर का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी चुनाव की सभी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी।

सभी वार्ड में सीसीटीवी का इंतजाम किया गया है। 10 काउंटिंग हाल में असिस्टेंट म्युनिसिपल रिटर्निंग अधिकारी को तैनात किया गया है, जहां पर सभी चुनाव प्रक्रियाओं को रिकॉर्ड किया जाएगा। काउंटिंग हॉल के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 को लागू कर दिया गया है और तीन चरण की सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। यहां क्विक रिसपॉन्स टीम, फ्लाइंग स्क्वॉड, ड्रोन को भी तैनात किया गया है। सभी काउंटिंग एजेंट को कहा गया है कि वह अपने साथ मोबाइल फोन लेकर काउंटिंग हॉल में ना जाएं। तकरीबन 1000 पुलिसकर्मी और अधिकारियों को कोलकाता में तैनात किया गया है।
काउंटिंग सेंटर पर कोरोना के खतरे को देखते हुए मास्क, सैनिटाइजर, रैपिड एंटिजेन टेस्टिंग की सुविधा की गई है। टीएमसी को भरोसा है कि वह इस साल सभी 132 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। इस बीच टीएमसी मुखिया ममता बनर्जी आज असम जा सकती है और यहां वह कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी। बता दें कि पिछले कोलकाता म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के चुनाव में 2015 में टीएमसी ने 124 सीटों पर जीत दर्ज की थी जबकि भाजपा, कांग्रेस और लेफ्ट सिर्फ 13 सीटें जीत सकी थी। विधानसभा चुनव की बात करें तो भाजपा का केएमसी में वोट शेर 29 फीसदी है जबकि प्रदेश में उसका वोट शेयर 38 फीसदी है।












Click it and Unblock the Notifications