लोहे में लगे जंग के रंग के कपड़े पहनते हैं योगी आदित्यनाथ, कौशांबी में बोलीं डिंपल यादव
कौशांबी, 25 फरवरी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज शाम यानी 25 फरवरी को 12 जनपदों की 61 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार थम जाएगा। सभी राजनीतिक दलों के सियासी दिग्गजों ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी ने अपनी स्टार प्रचारक पूर्व सांसद डिंपल यादव और राज्यसभा सदस्य जया बच्चन को अब सियासी मैदान में उतार दिया है। डिंपल यादव और जया बच्चन ने शुक्रवार को कौशांबी जिले की सिराथू सीट से चुनाव लड़ रही अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल के लिए चुनाव प्रचार किया। जनसभा को संबोधित करते हुए डिंपल ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के पहनावे पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह लोहे में लगे जंग के रंग के कपड़े पहनते हैं।
Recommended Video

डिंपल यादव ने सीएम योगी पर तंज कसते हुए जनता से पूछा कि लोहे में जो जंग लगता है, उसका रंग कैसा होता है? इस सवाल का उन्होंने खुद जवाब दिया कि इंजन तो लोहे का होता है, लेकिन लोहे पर जो रंग लगता है उसी रंग का कपड़ा हमारे मुख्यमंत्री पहनते हैं। डिंपल ने कहा कि जंग के रंग वाले इंजन को हटाना जरूरी है। जंग वाले इंजन को हटाने के लिए यह चुनाव तो जनता लड़ रही है।
डिंपल यादव ने पीएम मोदी के बयान पर किया पलटवार
डिंपल यादव ने पीएम नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने समाजवादी पार्टी पर हमला करते हुए कहा था कि ''जैसे ही वे ईवीएम को दोष देना शुरू कर दें, समझ लें कि परिवारवादी पार्टी का खेल खत्म हो गया है।'' डिंपल यादव ने कहा कि अगर किसी को कुछ शंका है तो क्या उसे बोलने का अधिकार नहीं है? यह लोकतंत्र है और अगर उन्हें लगता है कि ईवीएम के साथ कोई समस्या है, तो उन्हें यह कहने का अधिकार है।
डिंपल ने पल्लवी पटेल के लिए मांगा वोट
डिंपल यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार तीन बहुएं आपके बीच आई हैं। सिराथू की बहू पल्लवी पटेल। इलाहाबाद की बहू जया बच्चन और उत्तर प्रदेश की बहू मैं डिंपल यादव। डिंपल ने कहा कि सिराथू की जनता ने अपने बेटे को तो देख लिया उन्होंने धोखा दे दिया। इस बार सिराथू की बहू को जनता मौका देने वाली है। परिवार कैसे चलाना है और दुख दर्द क्या होता है वो जानती हैं। आप सब की जिम्मेदारी लेने को तैयार हैं। बता दें, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सपा ने केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल की बहन व अपना दल कमेरावादी की पल्लवी पटेल को मैदान में उतारा है।












Click it and Unblock the Notifications