गजब! 45 किलो वजन, उठाने में लगे 4 लोग… कभी देखा है ऐसा कटहल?
Katni News: मध्य प्रदेश के कटनी जिले से कटहल का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। दरअसल, कटहल की साइज और वजन इतना ज्यादा था कि उसको कोई खरीददार न मिला। अंत में हारकर किसान ने महज 200 रुपए में उस कटहल को बेच दिया।
जानकारी अनुसार बरही बस स्टैंड पर एक किसान कई बोरियों में कटहल लेकर आया हुआ था। हालांकि लोगों की नजर एक 4 फीट बड़े कटहल पर आकर ठहर गई। बताया जा रहा है कि उसे उतारने के लिए 4 लोगों की मदद लेनी पड़ी। जैसे-तैसे उसे मंडी तक ले जाया गया।

वजन ज्यादा और साइज में बड़ा होने के चलते कई घंटो के इंतजार के बाद भी किसान को उस कटहल का कोई खरीददार न मिला। मजबूरन उस बुजुर्ग किसान को 45 किलो वजनी और चार फीट के बड़े कटहल को मात्र 200 में बेचकर जाना पड़ा।
कटहल लाने वाला किसान शहडोल जिले के ब्यौहारी तहसील के ग्राम छतैनी से आया हुआ था। जिसके कटहल को बरही की स्थानीय महिला दुकानदार दुअसिया बाई ने 200 रुपए में खरीदा हुआ था। दुअसिया बाई ने बताया कि भीड़ ज्यादा होने और अपनी उम्र 60 वर्ष से अधिक होने के कारण वे उसका नाम-पता याद नहीं रख सकीं लेकिन किसान हर साल बड़े-बड़े कटहल लेकर बरही के बाजार में आता है।
उमरिया-शहडोल और बरही के जंगलों से कटहल की काफी बड़ी मात्रा में फसल आ रही है। आवक ज्यादा होने से अभी यहां 15 से 20 रुपए किलो के दाम मिल रहे हैं। हालांकि शहरों में यही कटहल 50 रुपए किलो से ज्यादा में बेचा जाता है। डॉक्टर राजेंद्र ठाकुर के मुताबिक कटहल में विटामिन सी की उच्च मात्रा प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करती है। पोटैशियम रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद करता है, जिससे हृदय रोग का खतरा कम होता है।












Click it and Unblock the Notifications