Video: अपने साथ चलने के लिए महिला को पैसे दे रहा था अधेड़, चौराहे पर चप्पलों से पीटकर सिखाया सबक
कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में महिला ने एक मनचले अधेड़ की चप्पलों से जमकर पिटाई कर दी। सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। वहीं मौके पर पहुंचे अधेड़ का साथी युवक उसे बचाकर ले गया। अधेड़ को सबक सिखाने के लिए परेशान एक महिला ने चौराहे पर उसे चप्पल से जमकर धुना। काफी देर तक लोग तमाशा देखते रहे और वीडियो बनाते रहे।

वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला एक अधेड़ को चप्पल से पीट रही है। दरअसल महिला कासगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सलेमपुर की रहने वाली है। महिला के मुताबिक वह अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ अपने मौसा दीपक के घर जा रही थी। जैसे ही वह कासगंज स्थित मालगोदाम चौराहे के निकट पहुंची, तभी पीछे से आ रहे एक अधेड़ ने उसे पैसे देकर अपने साथ चलने की बात कही, जिसके बाद महिला को गुस्सा आ गया और उसने अपनी चप्पल उतारकर अधेड़ की पिटाई शुरू कर दी।

वहीं मौके पर मौजूद लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी, मगर 10 मिनट चले इस हाईवॉल्टेज ड्रामे के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच मौके पर अधेड़ का साथी युवक पहुंचा और उसे बचाकर बाइक पर बैठाकर ले गया।












Click it and Unblock the Notifications