कासगंज: शादी के 8 महीने बाद पत्नी ने पति को जिंदा जलाया, जानिए क्यों?
man burnt alive by wife after eight months of marriage in kasganj: कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज (Kasganj) जिले में एक शख्स की हत्या का का बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के आठ महीने बाद पत्नी ने ही पति को पेट्रोल डालकर जिंदा आग के हवाले कर दिया। इस जघन्य अपराध में उसका साथ पिता और दो अन्य साथियों ने दिया। पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी पत्नी, उसके पिता सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और मामले की जांच में जुट गई है। बता दें, मौत से पहले शख्स ने कैमरे के सामने बयान दिया था कि उसको उसकी पत्नी संगीता, बंटी और हेमंत ने मिलकर उसे जिंदा जलाया है।

आठ महीने पहले हुई थी युवक की शादी
मामला कासगंज के सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव पहाड़पुर खुर्द का है। सुरेश चंद ने बताया कि उनके बेटे अमित की शादी 8 माह पूर्व गांव के ही बंटी ने अपने मामा की बेटी संगीता से करवाई थी। आरोप है कि बंटी से संगीता के अवैध संबंध थे। जब इसका पता अमित को लगा तो उसने इसका विरोध किया। इस बात पर पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। ऐसे में संगीता ने बंटी के साथ मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की प्लानिंग की।
पत्नी ने प्रेमी और पिता के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट
जानकारी के मुताबिक, रविवार देर शाम गांव का ही हेमंत नाम का युवक अमित को अपने साथ बुलाकर गांव के पास के भट्टे पर ले गया, जहां पर पहले से मौजूद पत्नी संगीता उसका पिता और बंटी ने उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और बाद में पेट्रोल छिड़ककर उसको आग के हवाले कर दिया। जानकारी मिलते ही परिजन अमित को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। परिजन अमित को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने बंटी उर्फ राकेश, हेमंत, मृतक के ससुर रामस्वरूप के अलावा मृतक की पत्नी संगीता के खिलाफ कोतवाली सोरों में तहरीर दी है। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।












Click it and Unblock the Notifications