बेटे ने घर से निकाला तो रोते-बिलखते थाने पहुंची बुजुर्ग महिला,इंस्पेक्टर बोले-रोइए मत, अब मैं हूं आपका बेटा
बच्चों ने घर से निकाला तो रोते-बिलखते थाने पहुंची बुजुर्ग महिला, इंस्पेक्टर बोले- रोइए मत, अब मैं हूं आपका बेटा...
कानपुर, 21 नवंबर: खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से है। यहां यूपी पुलिस का मानवीय चेहरा देखने को मिला है। दरअसल, 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनके बच्चों ने घर से निकाल दिया। घर से निकाले जाने के बाद बुजुर्ग महिला रोते-बिलखते गोविंदनगर थाने जा पहुंची। पुलिस ने बुजुर्ग महिला की पीड़ सुनकर थाना प्रभारी ने उन्हें गले लगाया। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा मैं आज से आपका बेटा हूं...। रोइए मत मां जी चुप हो जाइए। आपको किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है। अक्सर अपने 'कारनामों' से विवाद में रहने वाली कानपुर पुलिस का यह मानवीय रूप देखकर अब हर कोई तारीफ कर रहा है।

ये मामला कानपुर जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के दादानगर इलाके का है। एनबीटी की खबर के मुताबिक, 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला रिटायर्ड शिक्षिका है। बता दें, बुजुर्ग महिला के दो बेटे हैं मनोज चौरसिया और राकेश चौरसिया। रोते-बिलखते पुलिस स्टेशन पहुंच महिला ने बताया कि संपत्ति को लेकर उसका बड़ा बेटा मनोज चौरसिया व उसका परिवार उन्हें परेशान करता है। आरोप है कि मनोज अपनी मां के साथ मारपीट और गाली-गलौच करता है। बुजुर्ग महिला बीते कई साल से बेटे की प्रताड़ना को बर्दास्त कर रही थी। लेकिन शुक्रवार को मनोज अपनी मां को घर से निकाल दिया।
अपने बेटे की प्रताड़ना और घर से निकाले जाने से आजिज आकर रोते हुए बुजुर्ग महिला थाने पहुंची। उसने गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी को आप बीती सुनाई, और फूटकर रोने लगी। इस पर रोहित तिवारी ने बुजुर्ग को गले से लगा लिया। थाना प्रभारी ने वृद्धा से कहा, 'मैं आज से आपका बेटा हूं...। रोइए मत मां जी चुप हो जाइए। आपको किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है। आप का ये बेटा आपको न्याय दिलाएगा।' गोविंद नगर थाना प्रभारी रोहित तिवारी ने बुजुर्ग महिला की शिकायत पर बड़े बेटे मनोज चौरसिया के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चलान कर दिया।
इतना ही नहीं, सिपाहियों को बुजुर्ग महिला के घर भेजकर मनोज को भी थाने बुलाया। इसके बाद उसे जमकर फटकार लगाई। इसके साथ मनोज चौरसिया को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में अपनी मां को परेशान किया, तो इसका अंजाम अच्छा नहीं होगा। थाना प्रभारी रोहित तिवारी पुलिस बुजुर्गों की समस्याओं का निस्तारण करने के साथ ही उनके भीतर सुरक्षा का भाव जगाने का भी काम कर रही है। यदि किसी बुजुर्ग को उनके परिजन या फिर क्षेत्र में रहने वाले लोग प्रताड़ित करते हैं, तो पुलिस उनके विरूद्ध कठोर कार्रवाई कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications