शालिनी यादव ने फिजा फातिमा बन फैसल से किया निकाह, FB पर वीडियो जारी कर मांगी सुरक्षा
कानपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मीडिया एडवाइजर शलभ मणि त्रिपाठी ने अपने ट्विटर हैंडल से एक वीडियो शेयर किया है। यह वीडियो एक लड़की और लड़के का है, जो अपने लिए सुरक्षा की मांग कर रहे हैं। हालांकि, शलभ मणि त्रिपाठी ने इसे लव जेहाद का नाम देते हुए कुछ सवाल उठाए हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'परीक्षा देने के बहाने निकली कानपुर की शालिनी यादव ने पहले धर्म बदला, फिर फैजल से निकाह कर लिया। सवाल ये है कि धर्म बदलने की क्या जरूरत? धर्म शालिनी यादव ने ही क्यूं बदला? फ़ैजल ने क्यूं नहीं? तभी तो कहते हैं, ये लव नहीं, ये है लव जेहाद।' यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उधर, लड़की के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने लड़के के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया और दोनों की तलाश में जुटी है।
Recommended Video

29 जून से लापता शालिनी यादव Fb पर फिजा फातिमा बनकर मिली
जानकारी के मुताबिक, 22 साल की शालिनी यादव कानपुर के बर्रा 6 इलाके में रहती है। 29 जून को शालिनी परीक्षा देने के लिए लखनऊ के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। शलिनी के भाई ने किदवई नगर थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। इस बीच शालिनी ने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया और बताया कि उसने लाल कालोनी के रहने वाले मोहम्मद फैजल से शादी कर ली है।यही नहीं उसने धर्मांतरण करके अपना नाम शालिनी यादव से फिजा फातिमा कर लिया है। शालिनी, जोकि अब फिजा बन चुकी है, ने एक वीडियो जारी कर खुद को और पति मोहम्मद फैजल को घरवालों से असुक्षित बता सुरक्षा की मांग की है।

शालिनी ने कहा- मैंने अपनी मर्जी से किया निकाह
वीडियो में शालिनी बता रही हैं कि वह फैसल को छह साल से जानती हैं, उसने ये शादी अपनी मर्जी से की है और उसका नाम अब फिजा फातिमा हो चुका है। वीडियो में उसके साथ प्रेमी फैसल भी दिख रहा है, जो कागजात दिखाने में उसकी मदद कर रहा है। शालिनी वीडियो में ये कहती हुई भी दिखाई दे रही है उसका परिवार लगातार उस पर वापस आने का दबाव डाल रहा है। बता दें, शालिनी के परिजनों ने इसे लव जिहाद से जुड़ा मामला बताया है। परिजनों का आरोप है कि मुस्लिम युवक बहला-फुसलाकर शालिनी को अपने साथ ले गया और उसका धर्मांतरण करा दिया। इसके बाद उससे निकाह कर लिया।

परिजनों ने लव जेहाद का लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज
शालिनी के परिजनों ने पुलिस को युवक फैसल के खिलाफ तहरीर दी है। शालिनी के भाई का आरोप है कि वह घर से 10 लाख रुपए लेकर निकली थी। फैसल ने उसे बहला-फुसलाकर प्रेमजाल में फंसाया है। भाई ने कहा कि इसके पीछे लव जिहाद गैंग का हाथ है। अपर पुलिस अधीक्षक बाबूपुरवा आलोक सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर थाना किदवई नगर में आरोपी युवक के खिलाफ धारा 364, 360, 120-B और 511 में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों का आरोप है कि शालिनी यादव का अपहरण कर लिया गया है। इस संदर्भ में एक वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें लड़की खुद को शालिनी यादव बताकर शादी और धर्म परिवर्तन करने की बात कह रही है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications