VIDEO: थाने के अंदर फर्श पर सोता दिखा 'अरबपति' पीयूष जैन, सामने आया वीडियो
कानपुर, 27 दिसंबर: करोड़ों रुपए कैश, सोने-चांदी के बीच मखमल के गद्दे पर सोने वाले कानपुर के इत्र कारोबारी पीयूष जैन इस ठंड में थाने के अंदर फर्श पर रात गुजारते दिखे। वीडियो के मुताबिक, पीयूष जैन ने कानपुर के काकादेव थाने में जमीन पर लेटकर रात गुजारी है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलीजेंस (डीजीजीआई) अहमदाबाद की टीम ने इत्र कारोबारी पीयूष जैन के खिलाफ काकादेव थाने में मनी लॉन्ड्रिंग, आयकर अधिनियम, जीएसटी टैक्स चोरी अधिनियम और धोखाधड़ी की धाराओं में कार्रवाई की है। पीयूष जैन को सोमवार को भारी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की हिरासत में भेजा गया है। जीएसटी इंटेलिजेंस महानिदेशालय (DGGI) के मुताबिक, पीयूष जैन ने स्वीकार किया है कि रिहायशी परिसर से बरामद नकदी बिना जीएसटी के माल की बिक्री से जुड़ी है।
Recommended Video

कौन है पीयूष जैन ?
पीयूष जैन कन्नौज के बड़े व्यापारियों में शुमार हैं। पीयूष जैन इत्र के बड़े कारोबारी हैं। इन्हें कन्नौज का धनकुबेर भी कहा जाता है। पीयूष जैन 40 से ज्यादा कंपनियों के मालिक हैं। इनमें से दो कंपनियां मिडिल ईस्ट में हैं। कन्नौज में पीयूष जैन की परफ्यूम फैक्ट्री, कोल्ड स्टोरेज और पेट्रोल पंप भी हैं। मुंबई में पीयूष जैन का हेड ऑफिस और एक बंगला भी है। पीयूष जैन इत्र का बिजनेस मुंबई से करते हैं। यहीं से इनका इत्र विदेशों में भी भेजा जाता है।

पीयूष जैन के घर से मिला करोड़ों रुपए कैश, किलो में सोना-चांदी
पीयूष जैन के कानपुर स्थित घर पर डीजीजीआई और आईटी की संयुक्त टीम ने 23 दिसंबर की सुबह छापेमारी शुरू की थी। 24 दिसंबर की शाम तक टीम ने 177 करोड़ रुपए बरामद किए थे। पीयूष के घर मिले कैश को देख अधिकारियों के भी होश उड़ गए थे। कैश को गिनने के लिए 14 मशीनें और एसबीआई के अधिकारियों की मदद ली गई। 24 दिसंबर की शाम को एक टीम पीयूष के बेटे प्रत्यूष को लेकर कन्नौज स्थित घर पर पहुंची, जहां तहखाने से रुपयों से भरे करीब आठ बोरे और एक गत्ते में सोने के बिस्कुट मिले। बोरे में मिले कैश की गिनती के लिए अधिकारियों ने नोट गिनने वाली मशीने मंगाई। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, यहां करीब 10 करोड़ रुपए कैश की बरामदगी हुई है, जिसके बाद कुल 187.45 करोड़ रुपए की बरामदगी पीयूष जैन के घर से हो चुकी है।

थाने के अंदर फर्श पर गुजरी पीयूष जैन की रात
पीयूष जैन पर आरोप है कि उन्होंने कई फर्जी फर्मों के नाम से बिल बनाकर करोड़ों रुपयों की जीएसटी चोरी की। पीयूष जैन के घर से 200 से अधिक फर्जी इनवॉइस और ई-वे बिल मिले हैं। पीयूष जैन को रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया था। रात में पीयूष जैन को थाने में ही सोना पड़ा। फर्श पर ही एक पतले से गद्दे पर पीयूष जैन को रात गुजारनी पड़ी। सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से पीयूष जैन को 14 दिन की कस्टडी में भेज दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications