OP Sharma Magician : मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का कानपुर में निधन, CM योगी ने जताया दुख
OP Sharma जादूगर अब इस दुनिया में नहीं रहे। मशहूर जादूगर ओपी शर्मा का शनिवार रात कानपुर में निधन हो गया। ओपी शर्मा किडनी की बीमारी की वजह से फॉर्चून अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही शहर में शोक की लहर दौड़ गई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओपी शर्मा के निधन पर शोक जताया है। सीएम योगी ने एक ट्वीट में लिखा, ''अपनी नायाब कला के द्वारा दशकों से लोगों का मनोरंजन कर रहे प्रख्यात जादूगर श्री ओ.पी. शर्मा जी का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व उनके शोकाकुल परिजनों एवं असंख्य प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!''
Recommended Video

'मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा'
मूल रूप से यूपी के बलिया के रहने वाले ओपी शर्मा कानपुर दक्षिण के बर्रा-2 में रहते थे। उन्होंने अपने घर का नाम 'भूत बंगला' रखा था। वे लंबे समय से बीमार थे। कानपुर के फार्च्यून अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उनका डायलिसिस भी चल रहा था। अपने करिश्माई जादू की वजह से ओपी शर्मा ने देश-विदेश में बड़ा नाम कमाया। उनका कहना था कि जिसकी शुरुआत होती है, उसका अंत भी होता है। ये प्रकृति का नियम है। मैं रहूं या न रहूं जादू चलता रहेगा। बता दें, ओपी शर्मा शहर-शहर अपना जादू दिखाते थे। उनका जादू देखने के लिए दूर-दराज से लोग आते थे। बताया जाता है कि ओपी शर्मा का शो हर बार फुल जाता था। खचाखच भीड़ भरी रहती थी। जब एक जगह से दूसरी जगह ओपी शर्मा रवाना होते थे तो उनका सारा सामान 16 से अधिक ट्रकों के जरिए जाता था।
विधानसभा चुनाव में भी आजमाया दांव, नहीं मिली सफलता
ओपी शर्मा राजनीति भी दांव आजमाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2002 में कानपुर की गोविंद नगर सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, 2019 में वह बीजेपी में शामिल हुए थे। ओपी शर्मा अपने पीछे तीन बेटे प्रेम प्रकाश शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा और पंकज प्रकाश शर्मा, बेटी रेनू और पत्नी मीनाक्षी शर्मा को छोड़कर गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications