भारतीय महिलाओं को अपना शिकार बनाता था ये नाइजीरियन ठग, पत्नी भी देती थी इस गलत काम में साथ
कानपुर, 03 अगस्त: कानपुर पुलिस ने नाइजीरिया के एक ऐसे ठग को दबोचा है, जो सोशल मीडिया के जरिए महिलाओं से दोस्ती करता था फिर गिफ्ट और लॉटरी के बहाने लाखों रुपए हड़प लेता था। ठगी के इन पैसों से ठग ओकुवारिमा मोसिस ने नाइजीरिया में एक शॉपिंग मॉल तक खोल लिया था। इस काम में ठग की पत्नी भी उसका साथ देती थी। कानपुर की युवती की शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी, जालसाजी और आईटी एक्ट का मुकदमे दर्ज कर बीते शनिवार को ठग को नई दिल्ली-नोएडा बार्डर से गिरफ्तार किया था।

महिलाओं को गिफ्ट का झांसा देता था नाइजीरियन
पुलिस के मुताबिक, नाइजीरिया निवासी ओकुवारिमा मोसिस भारतीय महिलाओं को गिफ्ट और पुरुषों को लॉटरी का झांसा देकर अपने खाते में रकम जमा कराता था। साथ ही कस्टम विभाग या आयकर विभाग का अधिकारी बताकर अपने साथियों से फोन कराता था। इसके बाद कार्रवाई का डर दिखाकर खातों में और रकम जमा कराता था। इसके बाद ये रकम वह अपने और अपनी पत्नी के नाइजीरियन बैंक के अकाउंट में ट्रांसफर कर देता था।
ठगी के पैसों से नाइजीरिया में पत्नी के लिए खुलवाया शॉपिंग मॉल
पुलिस के मुताबिक, ठगी के इन पैसों से नाइजीरियन ने पत्नी के नाम शापिंग मॉल खुलवाया था। आरोपित जब दिल्ली में किसी कंपनी से शापिंग मॉल के लिए उत्पाद खरीदने जाता था तो खुद को विदेशी पर्यटक या व्यापारी बताता था। उन फर्म के खातों में भी ऑनलाइन पेमेंट करता था। डीसीपी क्राइम के मुताबिक, इस गैंग में अन्य लोग भी शामिल हैं, जिनके नाम मुकदमे में बढ़ाए जा रहे हैं। दिल्ली निवासी आरोपित की महिला मित्र की तलाश में एक टीम जुटी है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कानपुर की युवती को यूं हुई ठगी का शिकार
बता दें, नाइजीरियन ठग ने कानपुर के नवाबगंज की युवती से इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद उसे हीरों का हार भेजने का झांसा दिया था। इसके बाद बीते 3 जून को ठग की महिला मित्र मिंडी ने खुद को कस्टम विभाग का अधिकारी बताकर युवती को फोन किया और डराकर अपने अकाउंट में 4 लाख पांच हजार रुपए जमा करवा लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications