Kanpur: लापता युवती का अमरूद के बाग में मिला शव, मुंह में ठूंसा था कपड़ा
कानपुर, मई 25: खबर उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से है, यहां लापता हुई 19 वर्षीय युवती का शव गांव के बाहर अमरूद के बाग में मिला। युवती के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। फॉरेंसिक विभाग की टीम ने मौका-ए-वारदात से साक्ष्यों को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

उधर, मृतका के परिजनों ने गांव के तीन सगे भाइयों पर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। मृतका के पिता का आरोप है कि बीते शनिवार को आरोपियों ने उनकी दो बेटियों के साथ छेड़खानी की थी। जिसका विरोध करने पर दबंगों ने पूरे परिवार को पीटा था। ये पूरा मामला कानपुर जिले के बिठूर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। प्राप्त समाचार के मुताबिक, गांव निवासी 19 वर्षीय छात्रा सोमवार शाम साढ़े सात बजे घर से दुकान पर कुछ सामान लेने के लिए निकली थी। काफी देर तक नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
रात करीब पौने ग्यारह बजे गांव से करीब चार सौ मीटर दूर एक अमरूद के बाग में उसका शव मिला। सूचना पर डीसीपी पश्चिम संजीव त्यागी, एडीसीपी पश्चिम अभिषेक अग्रवाल समेत अन्य पुलिस अफसर और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने गांव के तीन सगे भाइयों पर हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
गांव के ही तीन सगे भाइयों पर आरोप
परिजनों गांव के ही तीन सगे भाइयों पर दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगया है। जिन पर ये आरोप लगाया है उनसे शनिवार को मृतका के परिवार से विवाद हुआ था। आरोप था कि इन आरोपियों ने मृतका और उसकी बहन से छेड़छाड़ की। विवाद में मृतका के रिश्तेदार उसके पक्ष में बोले थे तो इन आरोपियों ने उनको जमकर पीटा था। पुलिस में शिकायत भी दर्ज हुई थी। इसलिए इन्हीं पर संदेह जताया है।
जहरीले पदार्थ से मौत होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, मृतका के मुंह से झाग निकला था। फोरेंसिक टीम की शुरुआती जांच में आशंका है कि जहरीले पदार्थ से उसकी मौत हुई। हालांकि, यह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस कमिश्नर असीम अरुण ने बताया कि घटना की तफ्तीश जारी है। परिजनों ने जो आरोप लगाए हैं, उस आधार पर कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम है। साक्ष्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications