Kanpur News: नाले के पानी से गूंथा आटा, ग्राहकों को परोसी रोटी, कानपुर के ढाबे का वीडियो वायरल!
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक ढाबे का कर्मचारी नाले के गंदे पानी से आटा गूंथते हुए दिखाई दे रहा है। इसी आटे से बनी रोटियां ग्राहकों को परोसी जा रही थीं।
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पुलिस हरकत में आई और ढाबा संचालक व कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। यह घटना कानपुर के सचेंडी थाना क्षेत्र स्थित भौती हाईवे पर स्थित 'सागर ढाबा' की है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भी मौके पर पहुंचकर ढाबे के खाने के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक कर्मचारी खुले नाले के पास से पानी भरकर उसे आटे में मिलाते हुए दिख रहा है। फिर उसी आटे से रोटियां बनाई जा रही थीं। जब यह वीडियो वायरल हुआ तो कानपुर पुलिस तुरंत हरकत में आई और संबंधित ढाबे पर छापा मारा।
सचेंडी थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अजीत कुमार सिंह ने इस मामले में तहरीर दी और ढाबा संचालक राम बहादुर व उसके कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि इस तरह का दूषित भोजन लोगों की सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लिए सैंपल
ढाबे में गंदगी और मिलावट की शिकायत मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने वहां से आटे, मसालों और अन्य खाद्य पदार्थों के तीन सैंपल लिए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस मामाले में ढाबा संचालक राम बहादुर ने खुद को बचाने की कोशिश की। उसका कहना है कि जिस कर्मचारी का वीडियो वायरल हुआ, उसे सिर्फ एक दिन के लिए काम पर रखा गया था। हालांकि, स्थानीय लोगों और अधिकारियों को यह सफाई गले नहीं उतर रही है।
वीडियो वायरल होने के बाद इलाके के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की हरकत से लोगों की जान जोखिम में डाली जा रही है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर भी प्रशासन से इस ढाबे को बंद करने और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications