Kanpur: हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई, 'राम रोटी' सबको भाई, अबतक 13 लाख तीमारदारों का भर चुके हैं पेट
'राम रोटी' में विभिन्न जनपदों से आए हर धर्म और मजहब के लोग यहां निशुल्क भोजन करते हैं। अब तक इस सेवा में 13 लाख से ज्यादा तीमारदार और मरीज खाना खा चुके हैं। यह सेवा पिछले 8 वर्षों से लगातार की जा रही है।

कहते हैं 'राम से बड़ा राम का नाम' होता है, राम का नाम लिखने मात्र से पत्थर भी पानी में तैर जाते हैं। ऐसी ही एक राम के नाम से जुडी समाज सेवा संस्थान के बारे में हम आपको बताएंगे जो अब तक लाखों लोगों का पेट भर चुके हैं। दरअसल, जेके कैंसर संस्थान में समन्वय सेवा समिति के सह संयोजक मनोज सेंगर ने गोल्डी मसाले के सहयोग से वर्ष 2015 में 'राम रोटी' की स्थापना की थी। विगत आठ सालो में अब तक 13 लाख भोजन थालियों का निशुल्क वितरण किया जा चुका है।

ईंट का चूल्हा बनाकर पकाते थे खाना, नहीं देखी गई परेशानी
बता दें कि कानपुर के जेके कैंसर संस्थान में गैर जनपदों से इलाज कराने आने वाले मरीजों और तीमारदारों को खाने-पीने की समस्या से दो चार होना पड़ता था। मरीजों के तीमारदार अस्पताल के बाहर ईंट का चूल्हा बनाकर खाना पकाते थे। उनकी इस समस्या को देखते हुए समन्वय सेवा समिति के सह संयोजक मनोज सेंगर ने गोल्डी मसाले के सहयोग से जेके कैंसर में वर्ष 2015 में राम रोटी की स्थापना की। राम रोटी की स्थापना के आठ वर्ष पूर्ण होने पर संस्थान में स्थापना दिवस मनाया गया।

निशुल्क भोजन, मौसमी फल और मिष्ठान भी मिला है
जेके कैंसर में स्थापित 'राम रोटी' में खाना बनाने के लिए उच्च कोटि का सामान इस्तेमाल किया जाता है। सीजन की सब्जियों द्वारा पौष्टिक खाना बनाकर मरीजों और तीमारदारों को निशुल्क वितरित किया जाता है। साथ ही मौसमी फलो के साथ ही मिष्ठान भी दिया जाता है। गोल्डी मसाले के प्रबंध निदेशक सुरेंद्र गुप्ता ने बताया कि विगत आठ सालो में अब तक 13 लाख भोजन थालियों का निशुल्क वितरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पूज्य स्वामी सत्यमीयता नंद की कृपा से यह प्रयास अनवरत जारी रहेगा।

कई लोगों के सहयोग से चली आ रही मुहीम
समन्वय सेवा समिति के सह संयोजक मनोज सेंगर और उनकी टीम पूरे तन मन धन से सुबह और शाम मरीजों और तीमारदारों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराने के प्रति कटिबद्ध है। उनका कहना है कि इसमें गोल्डी मसाले के सुरेंद्र गुप्ता और अन्य लोगो का बहुत बड़ा सहयोग है। जिसकी वजह से यह मुहीम चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications