कानपुर में पति ने पत्नी को मिट्टी का तेल छिड़ककर जलाया, 2 घंटे बाद पानी डालकर आग बुझाई, मौत
कानपुर. उत्तर प्रदेश में कानपुर देहात के थाना भोगनीपुर क्षेत्र में एक शख्स ने अपनी पत्नी को निर्वस्त्र करके पीटा। उसके बाद मिट्टी का तेल छिड़ककर उसे आग लगा दी। कमरे के बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। पड़ोस में कोहराम मचने पर करीब 2 घंटे बाद महिला पर पानी डाला गया। फिर उसे पुखरायां सीएचसी ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर्स के मुताबिक, महिला का शरीर 90% तक जल चुका था। यानी, घरवालों ने उसे निर्दयतापूर्वक पूरा जलाया था।

मृतका के माता-पिता को जब घटना के बारे में पता चला तो उन्होंने तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। कानपुर देहात के पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने बताया कि महिला का नाम गुड़िया था। उसके पति और अन्य ससुरालियों ने उसे मारा। सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है। वे घर से भाग चुके हैं। हत्यारोपी पति की पहचान सुनील के रूप में हुई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।'

गुड़िया के पिता ने बताया कि दामाद सुनील आये दिन गुड़िया को पीटा करता था। बीते दिनों झग़डा इतना बढ़ गया कि उस हैवान ने उसे और ज्यादा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

निर्वस्त्र करके पहले उस पर मिट्टी का तेल छिड़का, फिर आग लगा दी। कोई बचाने नहीं आए और पीड़िता कहीं भाग न सके, इसलिए सुनील ने दरवाजा भी बंद कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications