Cyclone Fani: कानपुर में मौसम विभाग ने किया 'येलो अलर्ट' जारी, 926 मकानों को दिए खाली करने के आदेश
Kanpur News, कानपुर। चक्रवात तूफान 'फानी' (Cyclone Fani) का असर उत्तर प्रदेश में भी दिखाई पड़ सकता है। इसके लिए मौसम विभाग ने 'येलो अलर्ट' जारी कर दिया है। अलर्ट जारी होने के बाद कानपुर जिला प्रशासन भी सजग हो गया है। वहीं, कानपुर नगर निगम ने 926 जर्जर मकानों को खाली करने के आदेश दिए है। प्रशासन ने लोगों की मदद के लिए कानपुर में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया। साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर दिया है।

प्रशासन की तैयारी पूरी
नुकसान की तमाम आशंकाओं के बीच तूफान से निपटने को कानपुर तैयार है। इसके लिये एडीएम वित्त वीरेन्द्र पाण्डेय को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वन, सिंचाई पशु पालन, पुलिस और फायर जैसे विभागों को अलर्ट मोड पर कर दिया गया है। सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर की फौज किसी भी आपदा से जूझने के लिये तैयार है। एनडीआरएफ से जरूरी टिप्स भी लिए जा रहे है। वहीं, बिजली विभाग ने अपने इंजीनियरों से बोल दिया है कि तेज हवा शुरू होते ही बिजली आपूर्ति बंद कर दें।

थानेदारों को SSP ने दिए दिशा-निर्देश
कानपुर के एसएसपी अनन्त देव ने जिले के सभी एसएचओ को जेसीबी मशीनों, क्रेन, टैक्टर टालियों के साथ-साथ हथौड़े, आरी, कुल्हाड़ी, रस्सी, टार्च यानि आपदा राहत में काम आने वाली हर वस्तु थाने में मौजूद रखने के लिए कहा है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी खड़ी फसल की वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा है और खेतों में कटे पड़े गठ्ठरों को इकठ्ठा व सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील की है।

926 मकानों को खाली करने के लिए कहा
कानपुर के लिये सबसे बड़ा खतरा यहां के एक हजार से अधिक जर्जर मकान हैं। आंधी के दौरान इनमें रहने वाले तो क्या पास से गुजरने वाले भी किसी दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। पूर्व में ऐसी कई घटनाऐं हो भी चुकी हैं। नगर निगम के दस्तावेजों में इनकी संख्या 926 दर्ज है लेकिन ये आंकड़ा काफी पुराना है। अगर नया सर्वेक्षण हो तो कई सरकारी इमारतें भी इसकी जद में आ जायेंगी।
ये भी पढ़ें:- कानपुर सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications