बीजेपी नेता की दबंगई, घर में घुसकर परिजनों को पीटा, बीच-बचाव करने आई लड़की को मारी गोली
कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में बीजेपी नेता की दबंगई का मामला सामने आया है। यहां मामूली विवाद में बीजेपी नेता ने एक लड़की को गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, यह मामला कानपुर के नर्वल थाना क्षेत्र स्थित दलपतपुर गांव का है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी बीजेपी नेता समेत तीन लोगों को खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिवदास उत्तम की घर के बाहर परचून की दुकान है। बीते शुक्रवार को दुकान के बाहर शिवदास का गांव में ही रहने वाले बीजेपी नेता संजय शुक्ला से झगड़ा हो गया था। संजय शुक्ला ने शिवदास को देख लेने की धमकी दी थी। रविवार देर रात बीजेपी नेता नशे की हालत में अपने दो साथियों कमलकांत और प्रमोद शुक्ला के साथ शिवदास के घर पहुंचा। उसने शिवदास की परचून की दुकान में घुसकर तोड़फोड़ की। जब शिवदास और उनके बेटों ने इसका विरोध किया तो बीजेपी नेता ने साथियों के साथ मिलकर पूरे परिवार को पीटा।
बीच-बचाव कराने आई लड़की पर की फायरिंग
शिवदास की बेटी सरिता (20) पिता और भाइयों को बचाने पहुंची तो बीजेपी नेता ने लाइसेंसी रिवॉल्वर से उस पर फायरिंग कर दी। सरिता लहूलुहान हालत में वहीं गिर पड़ी। पूरे परिवार में कोहराम मच गया, पीड़ित परिवार ने पुलिस को फोन कर मदद की गुहार लगाई। एक घंटे बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया। वहीं परिजनों ने पीड़िता को जिला अस्पताल उर्सला में भर्ती कराया है।
संजय शुक्ला खुद को बताता है बीजेपी नेता
दलपतपुर गांव में रहने वाला संजय शुक्ला कमर में लाइसेंसी रिवॉल्वर लगाकर चलता है। खुद को बीजेपी का नेता बताकर लोगों पर रौब गांठता है। संजय शुक्ला से पूरा गांव परेशान है। गांव में सड़क, नाली और खड़ंजे को लेकर उसका किसी न किसी विवाद होता रहता है। इसके साथ ही खुद को बीजेपी नेता बताकर सरकारी योजनाओं में दखलंदाजी करता है।
क्या कहा पुलिस ने..
वहीं, नर्वल इंस्पेक्टर राम औतार का कहना है कि विवाद के बाद फायरिंग की बात सामने आई है। संजय शुक्ला, प्रमोद शुक्ला और कमलकांत पर मारपीट और फायरिंग की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य निकल सामने आएंगे उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएंगी।












Click it and Unblock the Notifications