Kannauj News: तालाब में नहाते समय 4 बच्चे डूबे, सभी की मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान
Kannauj News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जनपद में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। कन्नौज जनपद में तालाब में नहाते समय गहरे पानी में जाने से चार बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। मौत के बाद परिवार में मातम परसरा हुआ है।
यह पूरा मामला गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के समधन कस्बा का है। बताया जा रहा है कि गांव के रहने वाले 10 वर्षीय जुनैद, 11 वर्षीय अब्दुल्ला, 12 वर्षीय हसन और 11 वर्षीय शादाब सोमवार दोपहर में घर से खेलने के लिए निकले थे।

खेलते खेलते सभी बच्चे गांव के बाहर स्थित एक तालाब के पास पहुंच गए। तालाब के पास पहुंचने के बाद चारों बच्चे तालाब में नहाने के लिए उतर गए। नहाते समय गहरे पानी में जाने के चलते बच्चे डूबने लगे। इस दौरान डूब रहे बच्चों ने शोर मचाया।
शोर सुनकर आसपास के लोग भागे दौड़े तालाब की तरफ पहुंचे लेकिन तब तक बच्चे गहरे पानी में समा चुके थे। उसके बाद गांव के लोग तालाब के पानी में उतर गए और चारों बच्चों को पानी से निकालकर तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों द्वारा चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया गया। बच्चों की मौत की सूचना जैसे ही उनके परिवार वालों को मिली। परिवार में मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही वहां काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को मौके से हटाने के साथ ही चारों बच्चों की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। एक साथ चार बच्चों की मौत हो जाने से बस्ती के लोग काफी दुखी हैं।
एक दूसरे को बचाने में हुआ हादसा
ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि चारों बच्चे एक दूसरे के बेहद करीबी दोस्त थे। चारों एक दूसरे के साथ ही हमेशा खेलते हुए नजर आते थे। घर वालों द्वारा संभावना जताई गई कि तालाब में नहाते समय एक दूसरे को बचाने के चक्कर में ही चारों के डूब कर मौत हुई होगी।
इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज के सांसद अखिलेश यादव द्वारा घटना पर दुख व्यक्त किया गया है। समाजवादी पार्टी X द्वारा लिखा गया कि 'समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कन्नौज के समधन में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है।'












Click it and Unblock the Notifications