कन्नौज में पहला कोरोना संक्रमित मरीज मिला, पूरे गांव को किया गया सील
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमण का पहला केस सामने आया है। यहां 27 वर्षीय युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। बता दें कि युवक राजस्थान में नौकरी करता था और बीते 28 मार्च को अपने गांव बदलेपुरवा आया था। कन्नौज में पहले केस पॉजिटिव निकलने के बाद हड़कंप मच गया है। पूरे गांव को सील कर युवक के परिजनों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।

युवक कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र के बदलपुरवा गांव का रहने वाला है। 28 मार्च को राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से वह अपने गांव बदलपुरवा आया था। युवक भीलवाड़ा में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहा था। बता दें कि चार रोज पहले युवक खेत में गेहूं की फसल काटने गया था। वहां इसको सांस लेने में दिक्कत आई तो परिवार के लोगों ने इसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
कोरोना वायरस के प्रारम्भिक लक्षणों को देखकर जिला अस्पताल की टीम ने युवक के सैंपल जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे। शुक्रवार की देर शाम फोन पर केजीएमयू के चिकित्सकों ने सीएमओ को फोन कर युवक में कोरोना वायरस की पुष्टि होने की जानकारी दी। जिससे जिला प्रशासन में हड़कम्प मच गया। सीएमओ डॉ. के. स्वरूप ने बताया कि आनन फानन में युवक को कानपुर भेजा गया है।
वहीं, गांव को सील कर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को घरों में ही रहने को कहा है। कोरोना पॉजिटिव युवक के परिजनों को स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल कालेज में क्वारंटाइन कर दिया। सीएमओ डॉ. के. स्वरूप का कहना है कि पूरे गांव को रात में सेनीटाइज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ग्रामीणों की जांच करेगी।












Click it and Unblock the Notifications