राजस्थान में उन्नाव जैसा खौफ, पीएमटी छात्रा मुख्यमंत्री से बोली- 'साहब मुझे बचा लो... वो दरिंदे जिंदा जला देंगे'
जोधपुर। हैदराबाद में पशु चिकित्सक की रेप के बाद हत्या और उन्नाव में गैंगरेप पीड़िता को जिंदा जला देने की घटना से देशभर में गुस्सा है। वहीं, उन्नाव जैसा खौफ राजस्थान में भी देखने को मिला है। यहां पर पीएमटी की एक छात्रा ने राजस्थान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से गुहार लगाई है कि 'मुख्यमंत्री जी मुझे बचा लो...दरिंदे मुझे जिंदा जला देंगे'

आरोपियों ने व्हाट्सएप पर लगाई उसकी डीपी
राजस्थान पुलिस की कड़वी हकीकत बयां करता यह चौंका देने वाला मामला खुद सीएम के गृह क्षेत्र जोधपुर का है। रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जनसुनवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान जोधपुर के भोपालगढ़ पुलिस थाना इलाके के एक युवती ने सीएम गहलोत को अपनी पीड़ा सुनाई। छात्रा ने बताया कि वह पीएमटी की तैयारी कर रही है। दो माह से उसे कुछ युवक परेशान कर रहे है। आरोपियों ने अपने व्हाट्सएप पर उसकी डीपी लगा रखी है। स्टेट्स में 'मेरी नहीं तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा' जैसी बातें लिखते हैं।

फेसबुक पर तस्वीरें करवाई वायरल
फेसबुक पर उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करवा रहे हैं और उसे रास्ते में जिंदा जला देने की धमकी देते हैं। उन्नाव जैसे इस खौफ की वजह से छात्रा ने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया और उसकी पीएमटी की पढ़ाई भी चौपट हो रही है। छात्रा ने मुख्यमंत्री को अपने मोबाइल में आरोपियों के व्हाट्सएप पर अपनी तस्वीर और उनके स्टेट्स दिखाकर बचा लेने की गुहार लगाई।

पुलिस कमिश्नर को कार्रवाई के आदेश
छात्रा का आरोप है कि उसने एसपी कार्यालय में भी शिकायत की, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस दौरान छात्रा लगातार सीएम के सामने रोती रही। इस पर सीएम गहलोत ने दो-तीन बार छात्रा की सिर पर हाथ रखकर उसे ढाढस बंधाया। बाद में तत्काल पुलिस कमिश्नर को बुलाकर मामले में तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए।












Click it and Unblock the Notifications