Jodhpur News: केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व MLA बाबू सिंह राठौड़ के बीच क्या लड़ाई चल रही?
Gajendra Singh Shekhawat News jodhpur: लोकसभा चुनाव 2024 में जोधपुर सीट फंसती दिख रही है, क्योंकि जोधपुर से भाजपा सांसद व केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के खिलाफ अपनों ने ही मोर्चा खोल दिया है।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व जोधपुर की शेरगढ़ सीट से भाजपा विधायक बाबूसिंह राठौड़ के बीच चल रही सियासी अदावत पुलिस के बाद अब राजस्थान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा तक पहुंच गई है।

बाबूसिंह राठौड़ और उनके समर्थक भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से शुक्रवार को जोधपुर के चामू पुलिस थाने के बाहर दिया जा रहा धरना समाप्त हो गया और बाबूसिंह राठौड़ को सीएम ने जयपुर बुलाया है।
धरना समाप्त करने के बाद एएसपी को ज्ञापन दिया और फिर विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने कहा कि अब इस मामले में सरकार से बात होगी। इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से बात हो गई है और वो अब जयपुर जाएंगे, पुलिस ने जो मामला दर्ज किया है, वो बनता ही नहीं है। सिर्फ दबाव में आकर यह मामला दर्ज किया गया है।
दरअसल, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व बाबूसिंह राठौड़ के बीच लंबे समय से अदावत चल रही है। गाहे-बगाहे दोनों एक-दूसरे पर टिप्प्णी करते रहे हैं। बीते दिनों बाबूसिंह ने शेखावत पर काम नहीं करने का आरोप लगाया था।
एक समारोह में शेखावत की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए बाबूसिंह राठौड़ ने कहा कि वो सिर्फ बातें करते हैं, न कि काम पर उनका ध्यान है। राठौड़ के आरोप के बाद शेखावत ने सोशल मीडिया पर अपने काम भी गिनाए थे।
सांसद शेखावत व विधायक राठौड़ के बीच तलखी तब ज्यादा बढ़ गई जब भाजपा की पहली सूची में नाम आने के बाद जोधपुर से प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत गुरुवार को शेरगढ़ के दौरे पर थे।
कहा जाता है कि शेरगढ़ मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ता उनसे मिलने के लिए एकत्रित हुए थे, मगर शेखावत का काफिला सीधा ही गुजर गया। इस पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने शेखावत का विरोध करना शुरू कर दिया थ।
फिर भाजपा मंडल अध्यक्ष रामसिंह समेत अन्य कार्यकर्ता गजेंद्र सिंह शेखावत से मिलने गांव भालू पहुंचे तो उन्हें मुलाकात करने से रोक दिया। विवाद गहरा गया और कार्यकर्ताओं ने शेखावत के खिलाफ नारेबाजी की।
इसके बाद रात 11 बजे पुलिस ने गजेंद्र सिंह शेखावत का विरोध करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं की धरपकड़ शुरू की। इस पर एएसपी व विधायक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। रात तीन बजे पुलिस ने भाजपा के 11 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया। सुबह विधायक बाबूसिंह राठौड़ ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ चामू पुलिस थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया था।












Click it and Unblock the Notifications