जोधपुर: खेत में सेना के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, जानिए क्या थी वजह?
जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर के मथानिया थाना इलाके के बड़ला बासनी गांव के पास एक खेत में सेना के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी है। अचानक गांव के एक खेत में हेलिकॉप्टर को उतरता देख मौके पर भारी भीड़ एकत्रित हो गई। इस दौरान सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हेलिकॉप्टर के आसपास मथानिया पुलिस थाने का जाब्ता तैनात किया गया है।

बताया जा रहा है कि तकनीकी खराबी के चलते पायलट ने सेना के एक हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई। इसके बाद सेना के उच्च अधिकारियों को इस बात की सूचना दी गई कि हेलीकॉप्टर में कुछ तकनीकी खराबी आ गई है जिसके चलते जोधपुर के बड़ला बासनी गांव में इसकी आपातकालीन लैंडिंग कराई गई है। इसके बाद हेलिकॉप्टर की जांच की गई है और पुलिस ने मौके पर मौजूद भीड़ को पीछे हटाया।

इस दौरान कुछ लोगों ने हेलिकॉप्टर का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। कुछ दिन पहले राजस्थान के जालोर जिले में भी सेना के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी के कारण उसे सरनाऊ गांव के एक खेत में उतारा गया था। वहां भी खेत में हेलीकॉप्टर उतरने की सूचना गांव में आग की तरफ फैल गई और इससे वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications