ओडिशा में बोलीं मायावती- प्रधानमंत्री की चौकीदारी वाली नौटंकी सत्ता नहीं दिला पाएगी
भुवनेश्वर। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो मायावती ने ओडिशा में अपनी पार्टी के चुनाव अभियान का शुभारंभ करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। मंगलवार को भुवनेश्वर ने रैली को संबोधित करते हुए मायावती ने जीएसटी और नोटबंदी को लेकर मोदी सरकार को घेरा। मायावती ने कहा कि जिस तरह से प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने जल्दबाजी में जीएसटी और नोटबंदी को लागू किया, उसकी वजह से बिजनेस प्रभावित हुए।

नोटबंदी और जीएसटी की वजह से बढ़ी बेरोजगारी
मायावती ने कहा कि इसकी वजह से ही बेरोजगारी में वृद्धि हुई है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस बोफोर्स में शामिल थी और अब बीजेपी सरकार राफेल में शामिल है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस अपनी नीतियों की वजह से देश के कई राज्यों और केंद्र की सत्ता से दूर हुई और अब लोकसभा चुनाव में बीजेपी अपनी आरएसएस वादी दलित विरोधी और गलत नीति की वजह से सत्ता से बाहर होगी। क्योंकि इस चुनाव में जुमलेबाजी काम नहीं आने वाली है।
चौकीदारी वाली नई नौटंकी इन्हें बचा नहीं पाएगी
इसके साथ-साथ मायावती ने नाम के आगे चौकीदार लगाए जाने को लेकर भी बीजेपी और उनके नेताओं पर निशाना साधा है। मायावती ने कहा कि इनकी चौकीदारी वाली नई नौटंकी इन्हें बचा नहीं पाएगी। चुनाव में छोटे बड़े चौकीदार मिलकर चाहे जितनी ताकत लें। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि साल 2014 के चुनाव में पीएम मोदी ने जितने चुनावी वादे किए थे उसका एक चौथाई भी पूरा नहीं किया गया है। बता दें कि ओडिशा में 11 अप्रैल, 18, 23 और 29 अप्रैल को चार चरणों में चुनाव कराया जाएगा।

ध्यान भटकाने के लिए वे तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं पीएम
अब अपनी कमी और विफलताओं को से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए वे तरह तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। मायावती ने कहा कि देश के किसान इस सरकार में दुखी रहे हैं। इस सरकार ने दलित, आदिवासी व अल्प संख्यक लोगों का विकास नहीं किया है। देश में चुनाव घोषित होने वाले दिन तक हवा हवाई घोषणाएं एवं शिलान्यास करते रहे। आतंकवादी हमले के दिन भी अपना प्रचार जारी रखा था इससे उनकी देशभक्ति की बात पता चलती है। बता दें कि बसपा ने अपने दम पर ओडिशा में लोकसभा और विधानसभा दोनों चुनाव लड़ने का फैसला किया है। मायातवी आगामी दिनों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और महाराष्ट्र में अधिक चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाली हैं।












Click it and Unblock the Notifications