क्या है हिंदू टाइगर फोर्स? जिसे मंत्री इरफान अंसारी ने बताया आतंकी संगठन, बैन लगाने की तैयारी
झारखंड में इन दिनों एक संगठन को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने 'हिंदू टाइगर फोर्स' को आतंकी संगठन करार देते हुए इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने दावा किया कि यह संगठन कानून को अपने हाथ में ले रहा है और निर्दोष लोगों पर हमला कर रहा है।
पूरा मामला रामगढ़ जिले से जुड़ा है, जहां हाल ही में एक मुस्लिम युवक आफताब अंसारी की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। आफताब पर आरोप था कि उसने एक आदिवासी लड़की को नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण किया। इस आरोप के सामने आने के बाद इलाके में तनाव फैल गया।

बताया जा रहा है कि 'हिंदू टाइगर फोर्स' और अन्य हिंदू संगठनों से जुड़े कुछ लोगों ने आफताब को उसकी दुकान से उठाकर उसके साथ मारपीट की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। लेकिन पूछताछ के दौरान 24 जुलाई को वह थाने से फरार हो गया। कुछ दिन बाद उसका शव करीब 35 किलोमीटर दूर रजरप्पा थाना क्षेत्र में दामोदर नदी के किनारे मिला। इस घटना के बाद मुस्लिम समुदाय में आक्रोश फैल गया और राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं।
मंत्री इरफान अंसारी का तीखा बयान
घटना के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने मीडिया से बातचीत में 'हिंदू टाइगर फोर्स' को आतंकी संगठन करार देते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि, 'हिंदू टाइगर फोर्स के नाम पर ये लोग हमारी भोली-भाली जनता को मार रहे हैं। यहां यह गुंडागर्दी नहीं चलेगी। मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि इस संगठन को चलाने वाले, इसमें शामिल मास्टरमाइंड और सभी लोगों पर कड़ी कार्रवाई हो।' उन्होंने यह भी कहा कि कानून को अपने हिसाब से चलाने की इजाजत किसी को नहीं है, और झारखंड में ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
क्या है हिंदू टाइगर फोर्स? कौन चला रहा है यह संगठन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 'हिंदू टाइगर फोर्स' को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह एक स्थानीय हिंदू संगठन है, जो स्वयं-घोषित तरीके से हिंदू हितों की रक्षा के नाम पर काम करता है। हाल ही में झारखंड के रामगढ़ जिले में हुए एक विवादित मामले में इस संगठन का नाम सामने आया।
फिलहाल 'हिंदू टाइगर फोर्स' को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं की गई है, लेकिन मंत्री अंसारी ने साफ कहा कि यह संगठन गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल है और इसके खिलाफ सख्त ऐक्शन तय है।
जांच जारी, एफआईआर दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अब तक हिंदू जागरण मंच के नेता राजेश सिन्हा को गिरफ्तार किया है, जबकि दीपक सिसोदिया, मनीष कुमार पासवान और गंगा बेदिया के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस अब आफताब की मौत के पीछे की पूरी साजिश और इसमें शामिल संगठनों की भूमिका की जांच कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications