'क्या चम्पाई सोरेन आदिवासी नहीं थे क्या?', PM मोदी ने सीता सोरेन और दिग्गज नेता का नाम लेकर हेमंत को घेरा
Jharkhand Election 2024: झारखंड में साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए चुनावी पिच सेट कर दी है। पीएम मोदी ने आज रविवार (15 सितंबर) को जमशेदपुर में भाजपा की परिवर्तन महारैली की शुरुआत की। पीएम मोदी के साथ इस मंच पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व सीएम चम्पाई सोरेन भी थे।
पीएम मोदी ने चम्पाई सोरेन और हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन का नाम लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधा। पीएम मोदी ने जेएमएम को परिवारवाद की पार्टी कहा। पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह से हेमंत सोरेन ने जेएमएम में चम्पाई सोरेन और अपनी भाभी सीता सोरेन का अपमान किया है, उसका जवाब उनको प्रदेश की जनता आने वाले चुनावों में देगी।

ये भी पढ़ें- Jharkhand Election 2024: झारखंड में सत्ता में आई भाजपा तो क्या-क्या करेगी? PM मोदी ने रैली में बताया
PM मोदी ने कहा- चम्पाई सोरेन के साथ जो हुआ, उससे आदिवासी के दिल को चोट पहुंची है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "जेएमएम के लिए आदिवासी समाज का सम्मान नहीं अपना सियासी फायदा सबसे ऊपर है। आज झारखंड का गरीब आदिवासी पूछ रहा है क्या चम्पाई सोरेन जी आदिवासी नहीं थे क्या? क्या वो एक गरीब परिवार से नहीं आते थे क्या? लेकिन जिस तरह उन्हें अपमानित किया गया, जिस तरह मुख्यमंत्री की कुर्सी पर कब्जा करने के लिए उन्हें अपमानित करके हटाया गया, उससे झारखंड के हर गरीब आदिवासी के दिल को गहरी चोट पहुंची है।"
चम्पाई सोरेन कुछ दिनों पहले ही जेएमएम छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। चम्पाई सोरेन ने हेमंत सोरेन पर अपमानित करने और पार्टी में महत्व ना देने का आरोप लगाया है। कोल्हन के टाइगर कहे जाने वाले चम्पाई सोरेन इस विधानसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। चम्पाई सोरेन भाजपा में आने के बाद से लगातार हेमंत सोरेन और उनकी सरकार की आलोचना कर रहे हैं।
चम्पाई सोरेन हेमंत सोरेन के अहम सहयोगी रहे हैं। जमीनी स्तर पर पार्टी के लिए समर्थन जुटाने में चम्पाई ने अहम भूमिका निभाई थी लेकिन इस चुनाव में चम्पाई सोरेन हेमंत सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
ये भी पढ़ें- 'JMM, RJD, कांग्रेस झारखंड के सबसे बड़े दुश्मन', PM मोदी ने फूंका चुनावी बिगुल, हेमंत सरकार पर खड़े किए सवाल
'सीता सोरेन को अपने ही परिवार से बेदखल किया गया'
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''सीता सोरेन जी को, अपने ही परिवार में एक महिला होने के बावजूद अपमानित और बेदखल किया गया। इसका जवाब झारखंड का हर आदिवासी देगा।''
बता दें कि सीता सोरेन हेमंत सोरेन के दिवंगत भाई दुर्गा सोरेन की विधवा पत्नी हैं। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले वो जेएमएम छोड़कर भाजपा में शामिल हो गई थीं। भाजपा ने सीता सोरेन को लोकसभा चुनाव में दुमका सीट भी टिकट भी दिया था लेकिन वो चुनाव हार गई थीं। इस बार ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में सीता सोरेन को भाजपा टिकट दे सकती है। भाजपा आने वाले 20 सितंबर से राज्य में परिवर्तन यात्रा की भी शुरुआत करने वाली है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इसके लिए झारखंड आने वाले हैं।
ये भी पढ़ें- 'अब हमारी प्राथमिकता देश का आदिवासी', चुनाव से पहले PM मोदी ने झारखंड में भरी हुंकार, दी कई सौगातें












Click it and Unblock the Notifications