NEET-UG Paper Leak: पेपर लीक केस में CBI का बड़ा एक्शन, झारखंड के धनबाद से मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार
NEET-UG पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) लगातार एक्शन में हैं। इसी कड़ी में झारखंड में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां बुधवार को धनबाद से पेपर लीक मामले में मुख्य साजिशकर्ता अमन सिंह को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि पहले सीबीआई ने पेपर लीक में कथित रूप से शामिल झारखंड के मॉड्यूल के बारे में खुफिया इनपुट जुटाया, जिसके बाद शिकंजा कसते हैं अमन सिंह को गिरफ्तार किया है। पेपर लीक मामले की जांच में जुटी CBI की यह सातवीं गिरफ्तारी है।

मालूम हो कि नीट पेपर लीक केस की जांच कर रही सीबीआई की टीम बीते दिनों बिहार की राजधानी पटना पहुंची थी। पेपर लीक के मास्टरमाइंड संजीव मुखिया के करीबी चिंटू और मुकेश को रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी।
इससे पहले रविवार को सीबीआई ने गुजरात के गोधरा जिले में एक निजी स्कूल के मालिक को गिरफ्तार किया था, जो इस मामले में छठी गिरफ्तारी थी। पंचमहल जिले में गोधरा के पास स्थित जय जलाराम स्कूल के मालिक दीक्षित पटेल को उम्मीदवारों से उनके परीक्षा स्कोर बढ़ाने का वादा करके 5 लाख से 10 लाख रुपए के बीच मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
गुजरात पुलिस ने आरोप लगाया था कि दीक्षित पटेल ने उम्मीदवारों से कहा था कि अगर उन्हें उत्तर नहीं पता है तो वे किसी प्रश्न का प्रयास ना करें। संदिग्धों ने कथित तौर पर 27 छात्रों की ओर से उत्तर पुस्तिकाएं भरने की योजना बनाई थी, जिनसे उन्होंने परीक्षा पूरी होने के बाद प्रत्येक से 10 लाख रुपए लिए थे।
29 जून को सीबीआई ने हजारीबाग से एक हिंदी मीडिया संगठन के मार्केटिंग पेशेवर जमालुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से एक दिन पहले एजेंसी के अधिकारियों ने ओएसिस स्कूल के प्रिंसिपल एहसानुल हक और वाइस प्रिंसिपल इम्तियाज आलम को गिरफ्तार किया था।












Click it and Unblock the Notifications