खूंटीः अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरी इनोवा कार, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत और दो घायल
खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र स्थित खूंटी-सिमडेगा मेन रोड एसएच-3 पर चुरगी नदी के पास बुधवार को अनियंत्रित इनोवा कार पेड़ से टकराई और फिर 8 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। इस सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में माता-पिता और बेटा-बेटी शामिल हैं। जबकि कार में सवार भतीजा-भतीजी जख्मी हैं, जिन्हें रिम्स रेफर किया गया है।

वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतकों में ओडिशा के राउरकेला निवासी दंपती 43 वर्षीय कन्हैया जैन, 40 वर्षीय रमा जैन,12 वर्षीय बेटा रिशभ जैन और 3 वर्षीय बेटी नित्या जैन (3) शामिल है। मृतक कन्हैया का भतीजा वशिष्ठ जैन और भतीजी वंशिका जैन हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। दरअसल, सभी इनोवा कार से बंगाल के रानीगंज से राउरकेला लौट रहे थे और इसी दौरान यह हादसा हुआ।
चलती बस से गिरी महिला की मौत
वहीं लातहेार जिले के बरियातू थाना क्षेत्र में एनएच 99 चतरा-रांची मुख्य मार्ग पर झिकिया नदी पानी टंकी के पास चलती बस से नीचे गिरने की वजह से एक महिला यात्री की मौत हो गई। महिला बालूमाथ से अपने घर गोनिया पंचायत आ रही थी। ग्रामीणों ने महिला के परिजनों को मुआवजा दिलवाने की मांग पर रांची-चतरा रोड को आधे घंटे तक जाम रखा। मृतका की पहचान रेशमी मसोमात के रूप में की गई।
पलामूू में बस में ट्रक ने मारी टक्कर
वहीं पलामू जिले में मेदिनीनगर-औरंगाबाद पथ पर पंडवा थानाक्षेत्र के कजरी गांव में नेशनल हाइवे 39 पर बड़ा हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक बस में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हालांकि इस घटना में किसी तरह की कोई हताहत नहीं हुई। मेदिनीनगर से बिहार के औरंगाबाद जाने वाली जय मां बस प्रतिदिन की तरह मेदिनीनगर बस स्टैंड से चली थी।
कजरी रेलवे स्टेशन के पास सवारी उतारने के लिए बस रुकी। इसी दौरान मेदिनीनगर की ओर से एक ट्रक जा रहा था। ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक ने रुकी हुई बस में पीछे से टक्कर मार दी। इससे बस सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। ट्रक के टक्कर से बस में बैठे सवारियों को जोरदार झटका लगा और कई लोगों को चोट आई।












Click it and Unblock the Notifications