झारखंड के सरायकेला में बारिश ने मचाई तबाही, ढहा मकान, नीचे दबे 10 लोग, बच्चे की हुई मौत
Jharkhand rain News: झारखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सरायकेला जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में कच्चे मकान गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। पहली घटना राजनगर थाना क्षेत्र के डांडू गांव में हुई, जहाँ 10 लोग मलबे में दब गए।
हालांकि ग्रामीणों ने तुरंत बुद्धिमानी दिखाते हुए मलबे से सभी 10 लोगों को बाहर निकाला और राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा दिया है। प्राथमिक उपचार के बाद, सात गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया।

इस घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ मलय कुमार और स्थानीय मुखिया सानो टुडू ने घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
एक अन्य दुखद घटना खरसावां थाना क्षेत्र के कील शिमला में शनिवार सुबह 4 बजे हुई। मुन्ना बोदरा का मिट्टी का मकान ढह जाने से उनके पांच वर्षीय बेटे बजाय बोदरा की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में मुन्ना बोदरा, उनकी पत्नी अनुष्का बोदरा और ढाई वर्षीय बेटी गुरबारी बोदरा भी घायल हो गईं।
स्थानीय लोगों ने त्वरित प्रतिक्रिया करते हुए मलबे को हटाया और सभी को सरायकेला सदर अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने बजाय बोदरा को मृत घोषित कर दिया। खरसावां पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुँचा और राहत तथा बचाव कार्यों का जायजा लिया। जिले में लगातार बारिश से कच्चे मकान गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications