VIRAL VIDEO: परिवार को कोरोना संक्रमित बताकर नल से पानी लेने के लिए रोका, भूख से तड़पते-बिलखते रहे बच्चे
रामगढ़। कोरोना संक्रमण के डर के कारण अब लोग अपनों से भी दूरी बनाने लगे हैं। लगातार कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां कोरोना संक्रमित या संदिग्धों से लोगों ने दुर्व्यवहार किया है। ताजा मामला रामगढ़ जिले के गोला थाना क्षेत्र का है, जहां कोरोना के डर के चलते पानी लेने से रोकने का मामला प्रकाश में आया है। इसके चलते पीड़ित परिवार को पांच दिन तक भूखा रहना पड़ा, क्योंकि पानी न होने पर घर में खाना नहीं बन पाया। हालांकि भूख के चलते बच्चों के रोने पर गांववालों ने बाद में उन्हें खाना दिया।

परिवार का किया गया सामाजिक बहिष्कार
इसके बाद जैसे ही मामला पुलिस के संज्ञान में आया उसके बाद से अब पुलिस की पहल पर पीड़ित परिवार चापानल से पानी ले पा रहा है। घटना गोला थाना के मुरुडीह गांव की है। इस मामले पर पीड़ित महिला गीता देवी ने बताया कि गांव के कुछ लोग उसे पांच दिन से प्रताड़ित कर रहे थे। कुएं या चापानल से पानी नहीं लेने दिया जा रहा था। घर में पानी नहीं होने पर खाना नहीं बन पा रहा था।

बच्चों के रोने पर गांव वालों ने दिया खाना
भूखे रहने के कारण जब बच्चे रोने-चिल्लाने लगे तो गांव के दूसरे लोगों ने उन्हें खाना दिया। लेकिन घर पर आकर नहीं, बल्कि थोड़ी दूर पर रख दिया। महिला के मुताबिक गांववालों का कहना है कि उसका देवर छत्तीसगढ़ से उसके पास आया था। इसलिए उसके पूरे परिवार को कोरोना हो गया है। जबकि देवर छत्तीसगढ़ से आया ही नहीं। दरअसल महिला एक दिन के लिए अपने मायके धमनाटांड-गोला गयी थी।

वीडियो वायरल पर पहुंची पुलिस
वहां से गांव लौटने के बाद उसके साथ ये प्रताड़ना शुरू हो गया। महिला अपने पति और दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। वहीं बुधवार को जब पीड़ित परिवार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो गोला थाने की पुलिस गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की। इसके बाद पुलि स ने प्रताड़ित करने वाले लोगों को कार्रवाई की चेतावनी देते हुए महिला को चापानल से पावी दिलाया। पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर आगे भी पानी लेने देने का निर्देश दिया।












Click it and Unblock the Notifications